आमतौर पर ऐसा देखा गया है की भारत के मौसम में गर्मी सिर्फ तापमान बढ़ने की वजह से ही नहीं, बल्कि हवा में मौजूद मॉइस्चर (नमी) के कारण भी ज्यादा परेशान करने वाली बन जाती है। जब तेज धूप के साथ हवा में चिपचिपाहट बढ़ जाती है, तो पसीना सूखने का नाम ही नहीं लेता है, ऐसे में समय गुजारना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन सा हो जाता है। ऐसे मौसम में लोग अक्सर इस बात को लेकर भ्रमित रहते हैं कि घर के माहौल को खुशनुमा और आरामदायक बनाने के लिए उन्हें ह्यूमिडिफायर (Humidifier) को अपने घर के लिए खरीदना चाहिए या उन्हें डीह्यूमिडिफायर (Dehumidifier) को लेना चाहिए। अगर आप भी सही डिवाइस चुनने की इस पहेली में उलझे हुए हैं, तो आज आपकी यह समस्या खत्म हो जाने वाली है। आइए जानते है कि आपके लिए कौन सा डिवाइस मौसम के हिसाब से बेस्ट हो सकता है।
हवा में जरूरत से ज्यादा मॉइस्चर होने पर पसीना आसानी से वाष्पीकृत नहीं हो पाता, जिससे शरीर में सुस्ती, भारी थकान और हीटस्ट्रोक आदि का जोखिम बढ़ जाता है। इसके अलावा, ज्यादा नमी वाले माहौल में घरों के कोनों में मोल्ड, फंगस और एलर्जी फैलाने वाले बैक्टीरिया आदि भी बड़ी तेजी से पनपने लगते हैं। वहीं दूसरी तरफ, अगर हवा बहुत ज्यादा ड्राई या शुष्क हो जाए, तो स्किन फटने लगती है, गले में सूखापन महसूस होता है और सांस लेने में परेशानी भी बनने लगती है। इसलिए कमरे के अंदर हवा में नमी का सही लेवल (Healthy Humidity Level) बनाए रखना बेहद जरूरी होता है।
डीह्यूमिडिफायर (गर्म और उमस भरे मौसम के लिए बेस्ट होता है): जब मौसम बहुत चिपचिपा और उमस भरा हो, तो डीह्यूमिडिफायर हवा से अतिरिक्त पानी की बूंदों और नमी को सोख लेता है, जिससे चिपचिपाहट खत्म होती है और कमरा हल्का व ठंडा महसूस होता है।
ह्यूमिडिफायर (सूखी या ज्यादा एसी वाले कमरों के लिए होता है): जब मौसम पूरी तरह सूखा हो या कमरे में 24 घंटे एसी चलने के कारण हवा बिल्कुल ड्राई हो जाए, तो ह्यूमिडिफायर हवा में बारीक नमी को छोड़ता है जिससे स्किन और सांस की नली को सुकून मिलता है।
हवा में ज्यादा नमी होने पर आपके कमरे का एयर कंडीशनर (AC) और फ्रिज ठीक से काम नहीं कर पाते। ऐसे में, एसी को अपना काम करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे कंप्रेसर पर दबाव बढ़ता है और बिजली का बिल भी बढ़ने लगता है। अगर आप उमस वाले कमरे में डीह्यूमिडिफायर चलाते हैं, तो यह हवा से अतिरिक्त नमी पहले ही हटा देता है, जिससे एसी को तेजी से कूलिंग करने में मदद मिलती है और बिजली की खपत भी कम हो जाती है।
यह भी पढ़ें: BSNL मात्र 39 रुपये में लेकर आया Unlimited Data वाला तगड़ा प्लान..यूजर्स बोले वाह जी वाह!