EPFO 3.0: जान लीजिए पैसे निकासी के नियम, ATM और UPI से हो जाएगा काम, इतने अमाउंट तक कर सकते हैं विड्रॉ

HIGHLIGHTS

EPFO 3.0 के तहत PF निकासी अब ATM और UPI से संभव होगी

PF बैलेंस का अधिकतम 50% तक ही निकासी की अनुमति मिल सकती है

नई व्यवस्था का उद्देश्य तेज और आसान डिजिटल सेवा देना है

Employees’ Provident Fund Organisation ने अपने डिजिटल सिस्टम और कामकाज को आधुनिक बनाने के लिए पिछले साल EPFO 3.0 पेश किया था. इसका पूरा रोलआउट 2026 के मध्य तक होने की उम्मीद है. इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों को एक आसान और बिना झंझट वाला अनुभव देना है, ताकि वे अपने प्रोविडेंट फंड से जुड़ी सेवाओं का इस्तेमाल तेजी से कर सकें.

EPFO 3.0 में क्या बदलने वाला है?

EPFO 3.0 के तहत कई बड़े बदलाव प्रस्तावित किए गए हैं. इसमें पीएफ तक आसान पहुंच, ऑटो क्लेम सेटलमेंट, एटीएम और यूपीआई के जरिए तुरंत पीएफ निकासी और कर्मचारी के पसंदीदा बैंक खाते में सीधे फंड ट्रांसफर जैसी सुविधाएं शामिल हैं. इसके अलावा, सदस्य अब यूपीआई के जरिए अपना पीएफ बैलेंस भी चेक कर सकेंगे.

सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब पीएफ पैसा निकालने के लिए बैंक या EPFO ऑफिस जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. एटीएम और यूपीआई के जरिए सीधे पैसा निकाला जा सकेगा, जिससे पूरी प्रक्रिया काफी आसान हो जाएगी.

कितना PF पैसा निकाल सकते हैं?

रिपोर्ट्स के अनुसार, यूपीआई या एटीएम के जरिए पीएफ निकासी की अधिकतम सीमा कुल बैलेंस का 50 प्रतिशत तक हो सकती है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कर्मचारी अपने खाते में कुछ राशि भविष्य और आपात स्थिति के लिए बचाकर रखें.

ऐसे काम करेगी यह सुविधा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, EPFO अपने सदस्यों के लिए एटीएम कार्ड जारी करेगा. यह कार्ड सीधे उनके पीएफ अकाउंट से लिंक होगा, जिससे वे एटीएम के जरिए पैसा निकाल सकेंगे. यूपीआई के जरिए भी निकासी की सुविधा दी जाएगी, जिससे डिजिटल माध्यम से तुरंत पैसा प्राप्त किया जा सकेगा.

इन लोगों को मिलेगा लाभ

इस सुविधा का उपयोग करने के लिए कुछ जरूरी शर्तें तय की गई हैं.

  • सदस्य के पास सक्रिय UAN होना चाहिए
  • मोबाइल नंबर और UAN दोनों एक्टिव होने चाहिए
  • UAN का आधार, पैन, बैंक अकाउंट और IFSC कोड से लिंक होना जरूरी है

EPFO ने इस प्रक्रिया को तेज बनाने के लिए 32 पब्लिक और प्राइवेट बैंकों के साथ साझेदारी की है, ताकि पीएफ क्लेम प्रोसेसिंग में समय कम लगे और पैसा जल्दी ट्रांसफर हो सके.

कर्मचारियों को क्या मिलेगा फायदा?

EPFO 3.0 के तहत सैलरीड कर्मचारियों को कई बड़े फायदे मिलने वाले हैं.

  • एटीएम और यूपीआई के जरिए आसान और तुरंत पीएफ निकासी
  • पीएफ क्लेम का ऑटो सेटलमेंट, जिससे प्रोसेस तेज होगा
  • सेंट्रलाइज्ड पेंशन सिस्टम, जिससे पेंशन निकालना आसान होगा
  • ऑटो सेटलमेंट लिमिट 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये
  • आधार ओटीपी के जरिए KYC अपडेट और सुधार की सुविधा

इन बदलावों के जरिए EPFO का लक्ष्य पूरी प्रक्रिया को डिजिटल, तेज और यूजर-फ्रेंडली बनाना है, जिससे कर्मचारियों को अपने पैसे तक आसान पहुंच मिल सके.

यह भी पढ़ें: हैकर उड़ा सकता है आपका Instagram अकाउंट! आज ही तगड़ी कर लें सिक्योरिटी, हैक होने पर ऐसे मिलेगा वापस

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है.

Connect On :