आज के समय में स्मार्टफोन और टैबलेट को स्कूल क्लासरूम से दूर रखने का दौर लगभग खत्म हो चुका है। अब शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक तेजी से अपनी जगह बना रही है और शिक्षक भी पढ़ाई को ज्यादा रोचक और प्रभावी बनाने के लिए डिजिटल टूल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं। कई शिक्षक नई-नई तकनीकों को अपनी क्लास में शामिल करना चाहते हैं, लेकिन अक्सर उन्हें लगता है कि अच्छे ऐप्स इस्तेमाल करने के लिए काफी पैसे खर्च करने पड़ेंगे। हालांकि अब ऐसा नहीं है। साल 2026 में छात्रों के लिए कई बेहतरीन मुफ्त एजुकेशनल ऐप्स उपलब्ध हैं, जो पढ़ाई को आसान, मजेदार और इंटरैक्टिव बनाते हैं।
चाहे आप किंडरगार्टन, स्कूल या कॉलेज के छात्र हों, इन ऐप्स में हर किसी के लिए कुछ न कुछ मौजूद है। इनमें इंग्लिश, मैथ्स, साइंस, हिस्ट्री, कोडिंग, आर्ट और भाषाएं सीखने जैसे कई विषय शामिल हैं। अब चूंकि स्कूली छात्रों की गर्मियों की छुट्टियां पड़ने वाली हैं, तो इस बीच ये ऐप्स बच्चों के बेहद काम आएंगे और वक्त बर्बाद करने के बजाए वे मज़ेदार तरीके से कुछ बहुत खास, आधुनिक और ज़रूरी चीज़ें सीख सकेंगे।
खान अकैडमी छात्रों के लिए सबसे लोकप्रिय मुफ्त एजुकेशनल ऐप्स में से एक है। इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य छात्रों को वीडियो आधारित लेसन और प्रैक्टिस एक्सरसाइज के जरिए आसान और पर्सनली सीखने का अनुभव देना है। इसमें इतिहास, गणित, विज्ञान, अर्थशास्त्र और SAT तैयारी जैसे कई विषय उपलब्ध हैं। इसकी खास बात यह है कि यह पूरी तरह मुफ्त है और शिक्षक अपने छात्रों की प्रोग्रेस भी ट्रैक कर सकते हैं। साथ ही इसके कंटेंट को 36 से ज्यादा भाषाओं में ट्रांसलेट किया जा रहा है, जिससे दुनिया भर के छात्र इसका लाभ उठा सकते हैं।
दूसरा उपयोगी ऐप है क्विज़लेट, जो पढ़ाई को मजेदार बनाने के लिए फ्लैशकार्ड और गेम आधारित लर्निंग का उपयोग करता है। छोटे बच्चों को अल्फाबेट और नंबर याद कराने से लेकर बड़े छात्रों की शब्दावली (वोकैबुलरी) मजबूत करने तक, यह ऐप काफी मददगार साबित होता है। छात्र इसमें पहले से बने फ्लैशकार्ड इस्तेमाल कर सकते हैं या खुद के फ्लैशकार्ड भी बना सकते हैं। खासकर उन बच्चों के लिए यह बहुत उपयोगी है जिन्हें पढ़ाई में ध्यान लगाने में परेशानी होती है।
भाषाएं सीखने के लिए मेमराइज़ एक शानदार विकल्प है। यह ऐप किताबों के बजाय मजेदार और इंटरैक्टिव तरीके से भाषाएं सिखाता है। इसमें 16 से ज्यादा भाषाओं के लिए रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले वाक्य और शब्द सिखाए जाते हैं। “Learn with Locals” फीचर की मदद से छात्र सही उच्चारण (प्रनन्सिएशन) और बोलने की क्षमता भी सुधार सकते हैं। इसके अलावा वेबसाइट पर भाषा सीखने से जुड़े कई उपयोगी आर्टिकल्स भी उपलब्ध हैं।
अगर छात्रों को गणित के सवालों में दिक्कत आती है, तो फोटोमैथ काफी काम आ सकता है। इसका इस्तेमाल करना बेहद आसान है। छात्र केवल सवाल को स्कैन करते हैं और ऐप तुरंत उसका उत्तर और पूरा सॉल्यूशन दिखा देता है। इसमें ट्रिग्नोमेट्री, कैलकुलस, स्टैटिस्टिक्स और वर्ड प्रॉब्लम्स जैसे कई विषय शामिल हैं, इसलिए यह छोटे बच्चों से लेकर कॉलेज छात्रों तक सभी के लिए उपयोगी है।
कोडिंग सीखने के लिए सोलोलर्न एक बेहतरीन प्लेटफॉर्म है। आज के समय में प्रोग्रामिंग सीखने का महत्व तेजी से बढ़ रहा है और यह ऐप शुरुआती छात्रों से लेकर प्रोफेशनल्स तक सभी को कोडिंग सिखाने में मदद करता है। इसमें Python, Java, Web Development और Game Development जैसे कई कोर्स उपलब्ध हैं। साथ ही इसमें एक कम्युनिटी फीचर भी है, जहां कोडर्स आपस में सवाल-जवाब और चर्चा कर सकते हैं।
इन सभी ऐप्स की सबसे बड़ी खासियत यह है कि ये मुफ्त हैं और पढ़ाई को ज्यादा आसान, रोचक और प्रभावी बनाते हैं। शिक्षक, छात्र और अभिभावक सभी इनका इस्तेमाल करके सीखने की प्रक्रिया को बेहतर बना सकते हैं।
यह भी पढ़ें: 100 रुपये से कम में आता है Airtel का ये रिचार्ज प्लान, मिलता है भरपूर डेटा, इन यूज़र्स के लिए बेस्ट