हरियाणा के फरीदाबाद में एक बड़ा हादसा सामने आया है. एयर कंडीशनर यानी AC के कंप्रेसर में धमाका होने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. इस घटना ने AC की सुरक्षा को लेकर फिर से गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. हादसा देर रात करीब 1:30 बजे चार मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर हुआ, जहां से उठे धुएं ने दूसरी मंजिल तक पहुंचकर पूरे घर को भर दिया.
बताया जा रहा है कि जिस फ्लोर पर ब्लास्ट हुआ, वह उस समय खाली था. परिवार दूसरी मंजिल पर सो रहा था और दम घुटने की वजह से तीनों की जान चली गई. परिवार का बेटा, जो दूसरे कमरे में सो रहा था, जान बचाने के लिए खिड़की से कूद गया. उसकी हालत अभी गंभीर बताई जा रही है. इस घटना के बाद AC की सुरक्षा को लेकर बात होनी शुरू हो गई है.
ऐसे हादसे अचानक नहीं होते, ज्यादातर मामलों में इसके पीछे कुछ साफ कारण होते हैं जिन्हें लोग नजरअंदाज कर देते हैं. सबसे बड़ा कारण है AC का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल. गर्मियों में लोग AC को लगातार कई घंटों तक बिना बंद किए चलाते रहते हैं, जिससे मशीन के अंदर के पार्ट्स गर्म हो जाते हैं और रिस्क बढ़ जाता है.
दूसरी बड़ी वजह होती है गैस लीक. अगर AC में रेफ्रिजरेंट कम हो जाए या लीक हो जाए, तो मशीन को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है. इससे ओवरहीटिंग होती है और कुछ मामलों में आग या ब्लास्ट का खतरा बन जाता है.
वोल्टेज फ्लक्चुएशन भी एक बड़ा कारण है, खासकर उन इलाकों में जहां बिजली की सप्लाई स्थिर नहीं रहती. अचानक वोल्टेज बढ़ने या घटने से AC के अंदर के इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स खराब हो सकते हैं और शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ जाता है.
यहां सबसे जरूरी बात यह है कि ऐसे ज्यादातर हादसे रोके जा सकते हैं, अगर बेसिक चीजों का ध्यान रखा जाए.
AC की समय-समय पर सर्विसिंग करवाना बेहद जरूरी है, ताकि गैस लीक, वायरिंग या किसी खराब पार्ट की पहचान पहले ही हो जाए. वोल्टेज स्टेबलाइजर का इस्तेमाल करना भी जरूरी है, खासकर अगर आपके इलाके में बिजली की समस्या रहती है. फिल्टर को साफ रखना भी उतना ही जरूरी है. गंदे फिल्टर एयरफ्लो को रोकते हैं, जिससे AC पर लोड बढ़ता है और ओवरहीटिंग होती है.
AC को लगातार चलाने के बजाय बीच-बीच में बंद करना या टाइमर का इस्तेमाल करना भी बेहतर तरीका है. साथ ही, आउटडोर यूनिट को खुली जगह पर लगाना चाहिए ताकि गर्म हवा आसानी से बाहर निकल सके.
AC आज जरूरत बन चुका है, लेकिन लापरवाही इसे खतरा भी बना सकती है. अगर आप सोचते हैं कि “कुछ नहीं होगा”, तो यही सबसे बड़ी गलती है. ज्यादातर हादसे वहीं होते हैं जहां लोग बेसिक मेंटेनेंस को नजरअंदाज करते हैं. थोड़ी सी सावधानी आपकी और आपके परिवार की जान बचा सकती है.
यह भी पढ़ें: AC खरीदने का है प्लान? आ गया तगड़ा ऑफर, कौड़ियों के दाम में ले आइए घर, घर को बना देगा एकदम ठंडा