पब्लिक Wi-Fi इस्तेमाल करते समय ध्यान रखने लायक 7 सबसे जरूरी बातें

पब्लिक Wi-Fi इस्तेमाल करते समय ध्यान रखने लायक 7 सबसे जरूरी बातें

रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, मॉल, कैफे या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर मिलने वाला फ्री Wi-Fi कई बार काफी काम आता है। उदाहरण के लिए, अगर रेलवे स्टेशन पर आपका मोबाइल नेटवर्क कमजोर हो जाए और इंटरनेट की स्पीड 3G तक सीमित रह जाए, तो वहां उपलब्ध मुफ्त Wi-Fi बेहतर कनेक्टिविटी दे सकता है। यही नहीं, जब मोबाइल डेटा खत्म हो जाए, तब भी पब्लिक Wi-Fi एक अच्छा विकल्प बन जाता है।

Digit.in Survey
✅ Thank you for completing the survey!

हालांकि, यह सुविधा जितनी उपयोगी है, उतनी ही सावधानी भी मांगती है। पब्लिक Wi-Fi नेटवर्क कोई भी इस्तेमाल कर सकता है, इसीलिए बिना सुरक्षा उपाय अपनाए इससे कनेक्ट होना आपकी निजी जानकारी और ऑनलाइन पहचान को खतरे में डाल सकता है। ऐसे में कुछ सिंपल लेकिन जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है जिनके बारे में नीचे बताया गया है।

ऑटोमैटिक Wi-Fi कनेक्शन बंद रखें

कई स्मार्टफोन और लैपटॉप में ऐसा विकल्प होता है, जिससे डिवाइस उपलब्ध ओपन Wi-Fi नेटवर्क से अपने आप कनेक्ट जाता है। यह सुविधा डेटा बचाने में मदद जरूर करती है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से जोखिम भरी हो सकती है।

साइबर अपराधी सार्वजनिक नेटवर्क के जरिए आपकी संवेदनशील जानकारी तक पहुंचने की कोशिश कर सकते हैं। इसलिए अपने डिवाइस की Wi-Fi सेटिंग्स में जाकर ऑटोमैटिक कनेक्शन का विकल्प बंद कर देना बेहतर रहेगा।

सिर्फ भरोसेमंद नेटवर्क से ही जुड़ें

भीड़भाड़ वाली जगहों पर अक्सर कई फ्री Wi-Fi नेटवर्क दिखाई देते हैं। ऐसे में किसी भी खुले नेटवर्क से तुरंत जुड़ जाना सही फैसला नहीं होता। हैकर्स कई बार “Free Wi-Fi” जैसे आकर्षक नामों वाले फर्जी हॉटस्पॉट बना देते हैं या फिर असली नेटवर्क से मिलते-जुलते नाम रखकर लोगों को कन्फ्यूज़ करते हैं। इसलिए किसी भी नेटवर्क से कनेक्ट होने से पहले उसके नाम और विश्वसनीयता की जांच जरूर करें।

फाइल शेयरिंग फीचर बंद कर दें

ऑफिस नेटवर्क पर फाइल शेयरिंग टीम के साथ काम करने में मददगार होती है, लेकिन पब्लिक Wi-Fi पर यही सुविधा आपके लिए खतरा बन सकती है।

अगर आपके डिवाइस में फाइल या फोल्डर शेयरिंग चालू रहती है, तो उसी नेटवर्क पर मौजूद अन्य लोग भी शेयर किए गए डेटा तक पहुंच सकते हैं। इसलिए पब्लिक Wi-Fi इस्तेमाल करने से पहले इस विकल्प को बंद करना जरूरी है। Windows कंप्यूटर में नया नेटवर्क कनेक्ट करते समय यह सेटिंग आसानी से दिखाई देती है।

ऑनलाइन बैंकिंग और संवेदनशील अकाउंट लॉगिन से बचें

सुरक्षा उपाय अपनाने के बाद भी पब्लिक Wi-Fi पर बैंकिंग वेबसाइट, सोशल मीडिया या अन्य ऐसे अकाउंट में लॉगिन करने से बचना चाहिए, जिनमें आपकी निजी जानकारी मौजूद हो। भले ही वेबसाइट सुरक्षित हो, लेकिन ओपन नेटवर्क पर डेटा इंटरसेप्ट होने का खतरा बना रहता है। इसलिए ऐसे कार्य केवल भरोसेमंद और पर्सनल इंटरनेट कनेक्शन पर ही करना बेहतर होता है।

VPN का इस्तेमाल करें

अगर आपको सार्वजनिक Wi-Fi का इस्तेमाल करना ही पड़े, तो VPN सबसे प्रभावी सुरक्षा उपायों में से एक माना जाता है। VPN आपकी इंटरनेट एक्टिविटी को एन्क्रिप्टेड और सुरक्षित नेटवर्क के जरिए भेजता है, जिससे डेटा चोरी होने का खतरा काफी कम हो जाता है। Android, iPhone, Windows और macOS समेत लगभग सभी प्लेटफॉर्म पर VPN ऐप्स उपलब्ध हैं।

डिवाइस को हमेशा अपडेट रखें

कई लोग सिक्योरिटी अपडेट को नजरअंदाज कर देते हैं क्योंकि इनमें नए फीचर्स नहीं होते, लेकिन असल में यही अपडेट डिवाइस को साइबर हमलों से बचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

WannaCry रैनसमवेयर अटैक इसका बड़ा उदाहरण है। यह हमला Windows के एक जरूरी सिक्योरिटी अपडेट में देरी के कारण हजारों कंप्यूटरों तक पहुंच गया था। अगर समय पर अपडेट इंस्टॉल किए गए होते, तो इस हमले का असर काफी हद तक रोका जा सकता था।

हर अकाउंट के लिए अलग पासवर्ड रखें

सभी वेबसाइट और ऐप्स के लिए एक ही पासवर्ड रखना आसान जरूर लगता है, लेकिन इससे बड़ा सुरक्षा जोखिम पैदा हो सकता है। अगर किसी पब्लिक Wi-Fi पर मौजूद साइबर अपराधी आपके एक अकाउंट का पासवर्ड हासिल कर लेते हैं, तो वे उसी पासवर्ड से आपके दूसरे अकाउंट्स तक भी पहुंचने की कोशिश कर सकते हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, केवल छह अक्षरों वाला ऐसा पासवर्ड जिसमें सिर्फ छोटे अंग्रेजी अक्षर हों और कोई संख्या या स्पेशल कैरेक्टर न हो, उसे लगभग 10 मिनट में क्रैक किया जा सकता है। इसलिए मजबूत और अलग-अलग पासवर्ड का इस्तेमाल करना सबसे सुरक्षित विकल्प माना जाता है।

यह भी पढ़ें: Motorola Edge 70 Pro+ vs Vivo V70: डिज़ाइन, कैमरा, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना

Faiza

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं। View Full Profile