The Family Man के फैंस लंबे समय से इसके चौथे सीजन का इंतजार कर रहे हैं। तीसरे सीजन का अंत कई अनसुलझे सवालों के साथ हुआ था, जिसके बाद दर्शक जानना चाहते थे कि आगे श्रीकांत तिवारी की कहानी किस दिशा में जाएगी। अब लंबे इंतजार के बाद मेकर्स ने अगले सीजन को लेकर ऑफिशियल अपडेट दिया है और पुष्टि की है कि The Family Man Season 4 पर काम जोरों शोरों से चल रहा है।
पहले तीन सीजन की तरह The Family Man Season 4 भी Amazon Prime Video पर ही स्ट्रीम होगा। हालांकि फिलहाल इसकी आधिकारिक रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया गया है। हाल ही में सीरीज के निर्देशक राज निदिमोरु ने Variety India को दिए इंटरव्यू में बताया कि नए सीजन की स्क्रिप्ट पर तेजी से काम किया जा रहा है।
Variety India से बातचीत के दौरान राज निदिमोरु ने बताया कि The Family Man Season 3 और Season 4 की कहानी को शुरुआत से ही एक लगातार चलने वाली कहानी के तौर पर तैयार किया गया था। उन्होंने कहा कि कुछ दर्शकों को तीसरे सीजन का अंत अचानक लगा, लेकिन उनकी नजर में कहानी अपने आखिरी पड़ाव तक पहुंच चुकी थी।
राज ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल श्रीकांत तिवारी की निजी यात्रा को जानबूझकर अधूरा छोड़ा गया था, क्योंकि उसे अगले सीजन में आगे बढ़ाना था। उन्होंने कहा, “सिर्फ श्रीकांत तिवारी की यात्रा अधूरी रही क्योंकि वह नैचुरली अगले सीजन में जारी रहने वाली थी। इसलिए हम पूरी तेजी से लिख रहे हैं। हमें उस कहानी के दूसरे हिस्से तक पहुंचना है।” उनके इस स्टेटमेंट से साफ हो गया है कि अगले सीजन की तैयारियां जोरों पर हैं।
तीसरे सीजन में कहानी का फोकस इस बार पूर्वोत्तर भारत पर रखा गया। पहले के सीजन जहां आतंकवाद और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े खतरों पर आधारित थे, वहीं इस बार कहानी Project Sahakar के इर्द-गिर्द घूमती है। यह सरकार की एक पहल है, जिसका उद्देश्य पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास को बढ़ावा देना है।
हालात तब गंभीर हो जाते हैं जब जयदीप अहलावत द्वारा निभाया गया रुक्मा का किरदार स्थानीय नेताओं की हत्या कर देता है, जिससे सरकार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो जाता है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच श्रीकांत तिवारी को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारियों और अपनी लगातार उलझती निजी जिंदगी के बीच संतुलन बनाना पड़ता है।
तीसरे सीजन में दर्शकों को एक बड़ा सरप्राइज भी देखने को मिला, जब विजय सेतुपति के Farzi सीरीज के किरदार की एंट्री दिखाई गई। इस क्रॉसओवर ने राज एंड डीके द्वारा तैयार किए गए यूनिवर्स को और विस्तार दिया। शो रिलीज होने के बाद यह सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाले पहलुओं में से एक रहा और आने वाले सीजन में बड़े घटनाक्रम की संभावना का संकेत भी मिला।
पिछले सीजन में मनोज बाजपेयी ने एक बार फिर श्रीकांत तिवारी की भूमिका निभाई थी। उनके साथ शारिब हाशमी, प्रियामणि, अश्लेषा ठाकुर, वेदांत सिन्हा, श्रेया धनवंतरी और गुल पनाग भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। वहीं जयदीप अहलावत और निमरत कौर की एंट्री ने कहानी को नया मोड़ दिया।
यह भी पढ़ें: Panchayat Season 5: बनराकस की प्रधानी फुलेरा में लाएगी भूचाल! जानिए कहानी से लेकर स्ट्रीमिंग की डिटेल्स