कोर्ट रूम ड्रामा पसंद करने वाले दर्शकों के लिए इस सप्ताह खास रहा है। सनी देओल और अक्षय खन्ना स्टारर फिल्म Ikka नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो चुकी है। फिल्म में तिलोत्तमा शोम भी अहम भूमिका में नजर आती हैं। आधुनिक दौर की कानूनी चुनौतियों और कोर्ट में होने वाली बहसों पर आधारित इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी चर्चा है।
अगर आपको Ikka पसंद आई है या फिर आप इससे भी बेहतर कोर्ट रूम ड्रामा देखना चाहते हैं, तो ओटीटी पर कई शानदार फिल्में और वेब सीरीज मौजूद हैं। यहां हम आपको ऐसे 7 बेहतरीन कोर्ट रूम ड्रामा के बारे में बता रहे हैं, जो इस जॉनर के प्रशंसकों की वॉचलिस्ट में जरूर होने चाहिए।
कोर्ट रूम ड्रामा की बात हो और अरशद वारसी की Jolly LLB का जिक्र न हो, ऐसा मुश्किल है। यह फिल्म 1999 के चर्चित हिट एंड रन केस से प्रेरित बताई जाती है। रिलीज के बाद फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों दोनों से सराहना मिली। इसकी लोकप्रियता को देखते हुए Jolly LLB 2 और Jolly LLB 3 भी बनाए गए।
बॉलीवुड की सबसे चर्चित कोर्ट रूम फिल्मों में तापसी पन्नू की Pink का नाम सबसे ऊपर लिया जाता है। कहानी दिल्ली में रहने वाली तीन लड़कियों मीनल, फलक और एंड्रिया—के इर्द-गिर्द घूमती है। तीनों साथ रहती हैं और नौकरी करती हैं। एक रात दोस्तों के साथ बिताया गया समय तब भयावह मोड़ ले लेता है, जब उनके साथ मौजूद पुरुष उनका यौन शोषण करने की कोशिश करते हैं। इसके बाद शुरू होने वाली कानूनी लड़ाई फिल्म की सबसे बड़ी ताकत है। यह फिल्म Amazon Prime Video पर उपलब्ध है।
विक्रांत मैसी और पंकज त्रिपाठी जैसे दमदार कलाकारों से सजी Criminal Justice भारत की सबसे लोकप्रिय कोर्ट रूम ड्रामा सीरीज में गिनी जाती है। इसके हर सीजन में अलग-अलग मामलों की कहानी दिखाई गई है, जो रहस्य और रोमांच से भरपूर हैं। सीरीज के सभी सीजन दर्शकों को अंत तक बांधे रखते हैं। इसे Jio+Hotstar पर देखा जा सकता है।
Maamla Legal Hai एक हिंदी कोर्ट रूम वर्कप्लेस कॉमेडी सीरीज है, जो Netflix पर स्ट्रीम हो रही है। इसकी कहानी दिल्ली की पटपड़गंज डिस्ट्रिक्ट कोर्ट की पृष्ठभूमि पर आधारित है। सीरीज में अनुभवी वकीलों और नए वकीलों की टीम रोजमर्रा के अनोखे कानूनी मामलों को हास्य और भावनात्मक अंदाज में सुलझाती नजर आती है।
Section 375 की कहानी मशहूर बॉलीवुड निर्देशक रोहन खुराना (राहुल भट्ट) के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्हें एक असिस्टेंट कॉस्ट्यूम डिजाइनर अंजलि डांगले द्वारा रेप का आरोप लगाने के बाद सेशन कोर्ट दोषी ठहरा देती है। इस फिल्म में Ikka के अभिनेता अक्षय खन्ना भी वकील की अहम भूमिका निभाते हैं। यह फिल्म Amazon Prime Video पर उपलब्ध है।
निर्देशक अनुभव सिन्हा की फिल्म Mulk वाराणसी के एक सम्मानित मुस्लिम परिवार की कहानी दिखाती है। परिवार की जिंदगी तब बदल जाती है, जब उनका छोटा भतीजा शाहिद एक घातक बस बम विस्फोट का आरोपी और आतंकवादी बताया जाता है। इसके बाद परिवार को सामाजिक भेदभाव, लोगों की आलोचना और अदालत में अपनी बेगुनाही साबित करने की कठिन लड़ाई का सामना करना पड़ता है। फिल्म में न्याय, पहचान और सांप्रदायिक सौहार्द जैसे मुद्दों को प्रमुखता से दिखाया गया है। इसमें तापसी पन्नू मुख्य भूमिका में हैं और यह Amazon Prime Video पर देखी जा सकती है।
टीनू सुरेश देसाई के निर्देशन में बनी Rustom क्राइम थ्रिलर और कोर्ट रूम ड्रामा का बेहतरीन मिश्रण है। फिल्म में अक्षय कुमार ने नौसेना अधिकारी रुस्तम पावरी की भूमिका निभाई है, जो अपनी पत्नी के प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर देता है। अपराध स्वीकार करने के बजाय वह अदालत में खुद अपना पक्ष रखता है। यह फिल्म भी Amazon Prime Video पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है।
यह भी पढ़ें: 6 हज़ार में मिल रहा 32-इंच का QLED Smart TV, इस जगह लगी पड़ी है खरीदने वालों की लाइन