WhatsApp में बड़ा बदलाव, अब बिना फोन नंबर शेयर किए कर सकेंगे चैट, आज ही रिजर्व कर लें अपना यूजरनेम

HIGHLIGHTS

WhatsApp जल्द यूजरनेम आधारित चैटिंग फीचर लॉन्च करेगा.

अब बिना फोन नंबर शेयर किए भी लोगों से बात की जा सकेगी.

Facebook और Instagram वाला यूजरनेम भी रिजर्व किया जा सकेगा.

WhatsApp जल्द ही अपने करोड़ों यूजर्स के लिए एक बड़ा प्राइवेसी फीचर लाने जा रहा है. Meta के स्वामित्व वाले इस मैसेजिंग प्लेटफॉर्म ने घोषणा की है कि आने वाले अपडेट के बाद यूजर्स बिना अपना फोन नंबर शेयर किए भी एक-दूसरे से चैट कर सकेंगे. इसके लिए WhatsApp पर यूजरनेम सिस्टम पेश किया जाएगा.

अब तक WhatsApp पर किसी से बात करने के लिए उसका मोबाइल नंबर होना जरूरी था. लेकिन नए फीचर के आने के बाद यूजर्स अपने लिए एक यूनिक यूजरनेम चुन सकेंगे, जिसे शेयर करके दूसरे लोग उनसे संपर्क कर पाएंगे.

कैसे काम करेगा नया यूजरनेम फीचर?

WhatsApp के मुताबिक यह फीचर यूजर्स के फोन नंबर की प्राइवेसी बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है. जब किसी बड़े ग्रुप में आपको जोड़ा जाएगा या पहली बार किसी व्यक्ति या बिजनेस से बातचीत होगी, तब आपका मोबाइल नंबर अपने आप दिखाई नहीं देगा. इसकी जगह आपका चुना हुआ यूजरनेम दिखाई देगा.

WhatsApp

कंपनी का कहना है कि WhatsApp पर किसी तरह की पब्लिक डायरेक्टरी या यूजरनेम सर्च लिस्ट नहीं होगी. यानी कोई भी व्यक्ति सिर्फ आपका सही यूजरनेम जानने पर ही आपसे संपर्क कर सकेगा.

सभी को पसंदीदा यूजरनेम मिलना आसान नहीं होगा

WhatsApp के दुनियाभर में 3 अरब से ज्यादा एक्टिव यूजर्स हैं. ऐसे में हर किसी को अपनी पसंद का यूजरनेम मिलना आसान नहीं होगा. इसलिए यूजर्स को यूनिक यूजरनेम चुनना पड़ सकता है.

कब मिलेगा नया फीचर?

WhatsApp ने बताया है कि आने वाले महीनों में यह फीचर चरणबद्ध तरीके से दुनियाभर में रोलआउट किया जाएगा. जिस देश में यह सुविधा उपलब्ध होगी, वहां ऐप खोलने पर यूजर्स को इसकी जानकारी दी जाएगी.

Facebook और Instagram वाला यूजरनेम भी मिलेगा

Meta ने यह भी बताया कि क्रिएटर्स, छोटे बिजनेस और संस्थान चाहें तो Facebook या Instagram पर इस्तेमाल किए जा रहे अपने मौजूदा यूजरनेम को WhatsApp पर भी रिजर्व कर सकेंगे. इससे अलग-अलग Meta प्लेटफॉर्म पर एक जैसी पहचान बनाए रखना आसान होगा.

यह भी पढ़ें: Airtel-Jio और Vi ने एकसाथ पेश किया 798 रुपये वाला प्रीपेड डेटा पैक, बेनिफिट्स जान हो जाएंगे खुश, FIFA देखने वालों की मौज

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है.

Connect On :