फिर महंगे हो रहे प्रीपेड प्लान, अब इस कंपनी ने चुपचाप बढ़ा दिए दाम, रिचार्ज करवाने से पहले जरूर कर लें चेक
Vodafone Idea ने 509 रुपये वाले प्रीपेड प्लान की कीमत बढ़ा दी
नए प्लान में 84 दिन की वैलिडिटी वही है, लेकिन डेटा सिर्फ 1GB बढ़ा है
बढ़ती लागत के बीच टैरिफ हाइक जारी, ग्राहकों का बढ़ेगा खर्च

Vodafone Idea यानी Vi ने चुपचाप अपने प्रीपेड टैरिफ में एक और बढ़ोतरी कर दी है. कंपनी ने अपने 84 दिन की वैलिडिटी वाले लोकप्रिय वॉयस-सेंट्रिक प्लान की कीमत 509 रुपये से बढ़ाकर 548 रुपये कर दी है. नई कीमत के साथ डेटा बेनिफिट्स में मामूली बढ़ोतरी की गई है, लेकिन कुल मिलाकर ग्राहकों की जेब पर सीधा असर पड़ना तय है.
पुराना 509 रुपये वाला प्लान क्या देता था?
TelecomTalk की रिपोर्ट के अनुसार, पहले वाला Vi का 509 रुपये का प्लान 84 दिन की वैलिडिटी के साथ आता था. इसमें अनलिमिटेड वॉयस कॉल, 1000SMS और 6GB या 9GB डेटा (सर्कल के अनुसार) मिलता था. डेटा खत्म होने के बाद चार्ज 50 पैसे प्रति MB था. डेली प्रभावी लागत लगभग 6.05 रुपये पड़ती थी.
अब 548 रुपये में क्या बदला?
नए 548 रुपये वाले प्लान में वैलिडिटी अभी भी 84 दिन ही है. अनलिमिटेड वॉयस कॉल और 1000SMS भी वही हैं. फर्क सिर्फ इतना है कि डेटा में हल्का सा इजाफा किया गया है. प्लान अब 7GB (यानी 1GB एक्स्ट्रा) या 10GB (1GB एक्स्ट्रा) डेटा देता है. पोस्ट-क्वोटा डेटा चार्जिंग अभी भी 50 पैसे प्रति MB ही है. लेकिन अब इस प्लान की प्रभावी दैनिक लागत बढ़कर लगभग 6.52 रुपये पहुंच गई है. यानी कीमत 39 रुपये बढ़ी है, बदले में 1GB डेटा ही अधिक मिला है.
Vi की रणनीति क्या बताती है?
कंपनी के सीईओ ने पिछले अर्निंग कॉल में कहा था कि टैरिफ हाइक पर Vi “वेट एंड वॉच” मोड में है. लेकिन हकीकत उलट दिख रही है. Vi लगातार चुपचाप अपने किफायती प्रीपेड प्लान महंगे कर रहा है. यह बदलाव ऐसे समय पर आया है जब टेलीकॉम सेक्टर में एंट्री-लेवल 5G स्मार्टफोन मार्केट पर भी दबाव बढ़ रहा है. बढ़ती कंपोनेंट कीमत के चलते इंडस्ट्री में चिंता है कि आने वाले महीनों में अफोर्डेबिलिटी और मुश्किल हो सकती है.
इसका असर ग्राहकों पर?
- जिन यूजर्स को लंबी वैलिडिटी चाहिए लेकिन ज्यादा डेटा नहीं, उनके लिए यह प्लान पहले से महंगा हो चुका है.
- Vi पहले ही अपने ARPU (एवरेज रेवन्यू पर यूजर) बढ़ाने की कोशिश में है, ऐसे में आगे भी इसी तरह के बदलाव देखने की पूरी संभावना है.
- 84 दिन वाले सेगमेंट में Jio और Airtel का मुकाबला अब Vi के लिए और मुश्किल होगा.
कंपनी प्लान में मामूली डेटा बढ़ाकर Vi ने 39 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है. ग्राहक अब वही वैलिडिटी और लगभग वही बेनिफिट्स लेने के लिए ज्यादा पैसे खर्च करेंगे. आने वाले महीनों में और भी टैरिफ हाइक की उम्मीद से इनकार नहीं किया जा सकता है.
