Vi का नया प्रीपेड प्लान लॉन्च; 150 दिनों तक मिलेगी वैलिडिटी, अनलिमिटेड 5G डेटा और कॉलिंग का भी फायदा

By

Vodafone Idea (Vi) ने अपने प्रीपेड यूज़र्स के लिए 1,750 रुपये का नया रिचार्ज प्लान पेश किया है। इस प्लान की सबसे बड़ी खासियत 150 दिनों की लंबी वैलिडिटी और पूरी वैलिडिटी के दौरान अनलिमिटेड 4G और 5G डेटा है। फिलहाल यह प्लान आंध्र प्रदेश और तेलंगाना, बिहार, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और राजस्थान जैसे चुनिंदा टेलीकॉम सर्किल्स में उपलब्ध कराया गया है।

Vi का 1,750 रुपये वाला प्रीपेड प्लान

Vi के इस नए 1,750 रुपये वाले रिचार्ज प्लान में ग्राहकों को 150 दिनों की वैलिडिटी के साथ अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग, रोज़ 100 SMS और पूरे वैलिडिटी पीरियड के दौरान अनलिमिटेड डेटा मिलता है। जिन इलाकों में Vi की 5G सेवा उपलब्ध है और यूज़र के पास 5G स्मार्टफोन है, वहां अनलिमिटेड 5G डेटा का लाभ मिलेगा। वहीं, अन्य यूज़र्स को अनलिमिटेड 4G डेटा मिलेगा। इस प्लान का एक दिन का खर्च लगभग 11.67 रुपये पड़ता है।

1,749 रुपये वाले प्लान से कितना अलग?

Vi ने नया प्लान लॉन्च करने के बावजूद कुछ सर्किल्स में अपना पुराना 1,749 रुपये वाला प्रीपेड प्लान भी उपलब्ध रखा है। यह प्लान 180 दिनों की वैलिडिटी देता है, लेकिन इसमें रोज़ाना 1.5GB हाई-स्पीड डेटा मिलता है। 5G नेटवर्क वाले क्षेत्रों में इस प्लान के साथ भी अनलिमिटेड 5G डेटा का लाभ मिलता है। इसके अलावा इसमें अनलिमिटेड कॉलिंग और प्रतिदिन 100 SMS भी शामिल हैं।

पुराने 1,749 रुपये वाले प्लान में कुछ अतिरिक्त सुविधाएं भी मिलती हैं। इसमें रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक अनलिमिटेड नाइट डेटा, वीकेंड डेटा रोलओवर और Vi ऐप के जरिए हर महीने 2GB तक बैकअप डेटा क्लेम करने की सुविधा शामिल है। हालांकि, रोज़ाना मिलने वाला 1.5GB हाई-स्पीड डेटा समाप्त होने के बाद इंटरनेट स्पीड घटकर 64Kbps रह जाती है। इस प्लान की एक दिन की लागत लगभग 9.72 रुपये है।

किन यूज़र्स के लिए है नया प्लान?

Vi का नया 1,750 रुपये वाला प्लान उन ग्राहकों के लिए बेहतर विकल्प हो सकता है, जिन्हें रोज़ाना डेटा लिमिट की चिंता किए बिना लंबे समय तक अनलिमिटेड इंटरनेट चाहिए। वहीं, जिन यूज़र्स की डेटा खपत सीमित है और वे अतिरिक्त बेनिफिट्स चाहते हैं, उनके लिए 1,749 रुपये वाला प्लान अब भी एक अच्छा विकल्प बना हुआ है।

यह भी पढ़ें: Vivo S2 Vs Nothing Phone 4a: डिज़ाइन, डिस्प्ले, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :
By