भारत की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी Reliance Jio ने अपने यूजर्स के लिए एक नया मनोरंजन-केंद्रित प्रीपेड ऐड-ऑन प्लान लॉन्च किया है। यह प्लान कंपनी का 200 रुपये का नया OTT Pass है, जिसमें ग्राहकों को 15 OTT प्लेटफॉर्म्स का एक्सेस और 1000 से ज्यादा लाइव टीवी चैनल्स देखने की सुविधा मिलेगी। यह प्लान 28 दिनों की वैलिडिटी के साथ आता है और इसमें 30GB हाई-स्पीड डेटा भी शामिल है।
इस नए OTT Pass के साथ कई लोकप्रिय स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स का सब्सक्रिप्शन दिया जा रहा है। इनमें YouTube Premium, Prime Video Mobile, JioHotstar, Sony LIV, ZEE5, Lionsgate Play, Discovery+, Sun NXT, Kanchha Lannka, Planet Marathi, Chaupal, Hoichoi, FanCode, Times Play और Tarang Plus शामिल हैं।
इसके अलावा यूजर्स को JioTV ऐप के जरिए 1000 से ज्यादा प्रीमियम लाइव टीवी चैनल्स का एक्सेस भी मिलेगा। इन चैनल्स में JioStar, Sony Entertainment, Sun TV Network, Warner Bros. Discovery और ETV नेटवर्क के चैनल शामिल हैं। हालांकि, इस प्लान में स्पोर्ट्स चैनल्स का लाभ नहीं दिया जाएगा।
200 रुपये का यह प्लान केवल डेटा-ओनली पैक है। इसमें वॉयस कॉलिंग और SMS की सुविधा शामिल नहीं है। यूजर्स को कुल 30GB हाई-स्पीड डेटा मिलेगा, जिसकी वैलिडिटी 28 दिनों तक रहेगी। इसके अलावा एलिजिबल ग्राहकों को मौजूदा बेस प्लान की वैलिडिटी तक अनलिमिटेड 5G डेटा भी मिलता रहेगा।
कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि YouTube Premium और Amazon Prime Video Mobile Edition के फायदे MyJio ऐप के जरिए क्लेम करने होंगे। वहीं बाकी OTT प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल यूजर्स JioTV ऐप में अपने जियो नंबर से लॉगिन करके कर सकेंगे।
कंपनी ने इस नए प्लान को अपनी वेबसाइट पर Entertainment Plans कैटेगरी में लिस्ट किया है। जियो के मुताबिक यह प्लान उन यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर ऑनलाइन कंटेंट देखते हैं और एक ही रिचार्ज में कई OTT सेवाओं का फायदा लेना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें: मई 2026 में 20000 रुपये से कम में आने वाले 7 बेस्ट स्मार्टफोन्स, सस्ते में देते हैं प्रीमियम वाला फील