Airtel-Jio के छूटे पसीने! आ गया केवल 1 रुपये वाला प्लान, 30 दिन तक मिलेगा डेटा, साथ में कॉल और SMS भी फ्री
अगर मैं आपसे कहूं कि आज के दौर में 1 रुपये में क्या मिलता है? शायद एक टॉफी भी नहीं. लेकिन BSNL ने महंगाई के इस दौर में एक ऐसा चमत्कार कर दिखाया है, जिसने Jio और Airtel के पसीने छुड़ा दिए हैं. सरकारी टेलीकॉम कंपनी ने भारी डिमांड के बाद अपना सबसे पॉपुलर '1 रुपये वाला फ्रीडम प्लान' (Rs 1 Freedom Plan) वापस लॉन्च कर दिया है.
इससे सिर्फ 1 रुपये के रिचार्ज में आपको पूरे महीने भर के लिए अनलिमिटेड कॉलिंग और ढेर सारा डेटा मिलने वाला है. अगर आप भी अपना मोबाइल बिल कम करना चाहते हैं, तो यह ऑफर आपके लिए किसी जैकपॉट से कम नहीं है. आइए, जानते हैं कि आप इस 'लूट लो' ऑफर का फायदा कैसे उठा सकते हैं.
यह 30 दिनों के लिए फ्री कॉलिंग और डेटा सहित कई फायदे देता है. BSNL ने अपने आधिकारिक X हैंडल के माध्यम से फ्रीडम ऑफर की वापसी की घोषणा की, जिसमें कहा गया है कि यूजर्स को सिर्फ 1 रुपये में सच्ची डिजिटल आजादी मिलेगी.
1 रुपये में क्या-क्या मिलेगा?
कंपनी का यह प्लान 30 दिनों की वैलिडिटी के साथ आता है. 1 रुपये के रिचार्ज के साथ, यूजर्स को प्रतिदिन 2GB हाई-स्पीड (4G) डेटा मिलता है. यानी पूरे महीने में कुल 60GB डेटा मिलेगा. इसके अलावा, पूरे भारत में किसी भी नेटवर्क पर अनलिमिटेड कॉलिंग और नेशनल रोमिंग भी फ्री है. और सोने पर सुहागा यह है कि यूजर्स को रोजाना 100 फ्री SMS भी मिलते हैं.
आज के समय में जहां दूसरी कंपनियां 300 रुपये से कम में महीने भर का प्लान नहीं देती हैं, वहां BSNL 1 रुपये में यह सब दे रहा है. यह ऑफर 1 दिसंबर से 31 दिसंबर, 2025 तक देश भर के सभी टेलीकॉम सर्कल्स में मान्य है.
किसे मिलेगा यह ऑफर?
अब आप अपना फोन उठाकर रिचार्ज करने की सोच रहे होंगे, लेकिन रुकिए! यह ऑफर सिर्फ नए ग्राहकों के लिए है. यूजर्स 1 रुपये में नया BSNL सिम कार्ड खरीदकर इस ऑफर का लाभ उठा सकते हैं. कंपनी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में पुष्टि की कि यह ऑफर केवल नए BSNL यूजर्स के लिए है.
मौजूदा यूजर्स इस 1 रुपये के ऑफर के लिए पात्र नहीं हैं. यानी अगर आप Jio या Airtel से BSNL में आना चाहते हैं या नया नंबर लेना चाहते हैं, तो यह सही मौका है.
स्टूडेंट्स के लिए भी आया खास प्लान
सिर्फ नए यूजर्स ही नहीं, BSNL ने छात्रों का भी ख्याल रखा है. कंपनी ने अपना 'लर्नर्स प्लान' (Learner's Plan) भी पेश किया है. इसमें सिर्फ 251 रुपये में 28 दिनों के लिए 100GB डेटा और अनलिमिटेड कॉलिंग मिल रही है. यह ऑफर 13 दिसंबर, 2025 तक मान्य है.
नेटवर्क भी हो रहा है मजबूत
अगर आप नेटवर्क को लेकर चिंतित हैं, तो बता दें कि BSNL तेजी से अपने 4G नेटवर्क का विस्तार कर रहा है. कंपनी ने हाल ही में दिल्ली टेलीकॉम सर्कल के भीतर 10,000 नए 4G टावरों के लिए निविदाएं आमंत्रित की हैं, जो नोएडा और NCR के निवासियों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी लाएगा.
आपको याद दिला दें कि BSNL ने पहले 1 अगस्त से 31 अगस्त के बीच फ्रीडम ऑफर की घोषणा की थी, जिसे बाद में 15 सितंबर तक बढ़ा दिया गया था. अब भारी मांग को देखते हुए इसे दिसंबर के लिए फिर से लाया गया है.