Xiaomi Mi 6 को आख़िरकार एंड्राइड पाई का स्टेबल अपडेट मिलना शुरू हो गया है। इस स्मार्टफोन को 2017 में एंड्राइड नोगट के साथ लॉन्च किया गया था और अब फोन को एंड्राइड पाई का अपडेट मिलने जा रहा है।
फोन को पिछले साल एंड्राइड ओरियो का अपडेट मिला था और शाओमी का MIUI 10 अपडेट भी इसे मिल चुका है लेकिन शाओमी ने पिछले साल अक्टूबर में जारी हुई लिस्ट में यह साफ़ नहीं किया था कि Mi 6 को भी एंड्राइड पाई का अपडेट दिया जाएगा। डिवाइस को अप्रैल में एंड्राइड पाई बीटा (ग्लोबल वर्जन को जून में) अपडेट मिला था। अब डिवाइस के लिए एंड्राइड पाई बीटा का स्टेबल वर्जन जारी किया गया है।
यह अपडेट 10.4.1.0 वर्जन के साथ जारी किया गया है और इसे धीरे-ध्रीरे जारी किया जा रहा है लेकिन अगर आप इंतज़ार नहीं करना चाहते हैं तो आप फुल फर्मवेयर फाइल डाउनलोड कर सकते हैं और इसे अपने फोन के रूट स्टोरेज में कॉपी कर के इंस्टाल कर सकते हैं और सिस्टम अपडेट में मैनुअली अपडेट पैकेज चुन कर अपडेट कर सकते हैं।
Mi 6 में 5.15 इंच की FHD डिस्प्ले दी गई है और इसे गोरिला ग्लास 4 का प्रोटेक्शन दिया गया है। फोन में स्नैपड्रैगन 835 प्रोसेसर, 6GB रैम और 128GB स्टोरेज मिलता है। कैमरा की बात करें तो फोन में 12 मेगापिक्सल का डुअल कैमरा मिल रहा है और सेल्फी के लिए फोन में 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। स्मार्टफोन में फ्रंट-माउंटेड फिंगरप्रिंट स्कैनर, स्टीरियो स्पीकर और 3350mAh की बैटरी मिल रही है जो क्विक चार्ज 3.0 सपोर्ट करती है।
Mi 6 के लिए एंड्राइड पाई आख़िरी बड़ा OS अपडेट है लेकिन डिवाइस को MIUI 11 का अपडेट मिलने की संभावना है।