Xiaomi Mi 10 और Mi 10 Pro को शाओमी के अगले फ्लैगशिप फोंस के तौर पर पेश किया जाना है। चीनी स्मार्टफोन निर्माता इन फोंस को फरवरी में लॉन्च कर सकता है। दोनों स्मार्टफोंस में स्नैपड्रैगन 865 चिपसेट मिलेगा। आगामी Mi 10 सीरीज़ के बारे में अब तक कुछ जानकारी सामने आ चुकी है। चीन के एक टिप्स्टर ने Xiaomi Mi 10 की बैटरी कैपेसिटी से सम्बंधित जानकारी साझा की है।
लीक्स्टर के मुताबिक, Xiaomi Mi 10 सीरीज़ के स्टैण्डर्ड एडिशन को 4,800 – 4,500mAh बैटरी के साथ लॉन्च किया जा सकता है। टिप्स्टर ने यह भी बताया कि, Mi 10 की बैटरी असल कैपेसिटी से 100 mAh अलग हो सकती है।
लीक से यह पता चला है कि, Xiaomi Mi 10 में पिछले Xiaomi Mi 9 के मुक़ाबले बड़ी बैटरी मिलने वाली है, पिछले फोन में 3,300mAh की बैटरी दी गई थी। ऐसा मना जा रहा है कि चीन में नवम्बर में 3C अथॉरिटी पर दिखा 5G-रेडी Xiaomi M2001J2E/C दरअसल Xiaomi Mi 10 होगा। 3C सर्टिफिकेशन से यह भी पता चलता है कि फोन के साथ 30W फ़ास्ट चार्जिंग सपोर्ट करने वाला चार्जर शिप किया जाएगा। Xiaomi Mi 10 Pro की बैटरी कैपेसिटी की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, अफवाहें आ रही हैं कि फोन को M2001J1E/C मॉडल नंबर के साथ लाया जाएगा और यह 66W फ़ास्ट चार्जिंग सपोर्ट करेगी।
एक अन्य Weibo पोस्ट में टिप्स्टर ने दावा किया है कि Mi 10 सीरीज़ को अलग-अलग स्क्रीन साइज़, कैमरा, बैटरी साइज़, फ़ास्ट चार्जिंग कैपबिलिटी और मेमोरी स्पेसिफिकेशन के साथ लाया जाएगा। अभी Mi 10 और Mi 10 Pro की स्पेसिफिकेशन सामने आनी बाकी है। Mi 10 सीरीज़ को प्रीलोडेड MIUI 11 के साथ उतारा जाएगा जो एंड्राइड 10 OS पर आधारित है। कुछ रिपोर्ट से यह भी दावा किया गया है कि Xiaomi Mi 10 Pro को 108 मेगापिक्सल के मुख्य कैमरा के साथ लाया जाएगा। यह देखना होगा कि Xiaomi Mi 10 SE को Xiaomi Mi 9 SE की जगह लॉन्च किया जाएगा या नहीं।