Finally! 200MP कैमरा के साथ आ गया Samsung का तीन बार मुड़ने वाला फोन, कीमत जान फटी रह जाएंगी आंखें
Samsung Galaxy Z TriFold को फाइनली आधिकारिक तौर पर पेश कर दिया गया है और यह कहना गलत नहीं होगा कि कंपनी का यह नया डिवाइस एक शानदार कारीगरी का नमूना है. सैमसंग का यह दो बार फोल्ड होने वाला स्मार्टफोन लेटेस्ट स्नैपड्रैगन फ्लैगशिप प्रोसेसर और आकर्षक डिज़ाइन के साथ आता है. इसमें टाइटेनियम हिन्ज और एडवांस्ड आर्मर एल्युमिनियम का इस्तेमाल किया गया है. फोन में अलग-अलग साइज़ वाली दो हिन्ज रेल्स दी गई हैं, जो इसे स्मूद रोटेशन और बेहतर स्टेबिलिटी देती हैं. कंपनी ने इस बार भी फोन को ज्यादा से ज्यादा पतला रखने की कोशिश की है. यही वजह है कि यह फोल्ड होने पर लगभग 12.9mm और पूरी तरह खुलने पर केवल 3.9mm मोटा है.
Samsung Galaxy Z TriFold की भारत में कीमत और लॉन्च
कंपनी के अनुसार Samsung Galaxy Z TriFold की सेल साउथ कोरिया में 12 दिसंबर 2025 से शुरू होगी. उम्मीद है कि यह भारत में 2026 की पहली तिमाही में लॉन्च किया जाएगा. भारतीय बाजार में इसकी संभावित कीमत करीब 2,50,000 रुपये हो सकती है. हालांकि, सैमसंग ने भारतीय लॉन्च को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है.
Samsung Galaxy Z TriFold के स्पेसिफिकेशन और फीचर्स
सैमसंग गैलेक्सी Z ट्राई फोल्ड में 10-इंच QXGA+ डायनेमिक एमोलेड 2X मेन डिस्प्ले दी गई है, जबकि बाहर की तरफ 6.5-इंच FHD+ डायनेमिक एमोलेड 2X कवर स्क्रीन मिलती है. दोनों ही डिस्प्ले 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करती हैं. फोन में क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 8 जेन 5 इलीट चिपसेट मौजूद है, जिसके साथ 16GB रैम और 1TB इंटरनल स्टोरेज दी गई है. सुरक्षा के लिए इसमें साइड-माउंटेड कैपेसिटिव फिंगरप्रिंट सेंसर भी मौजूद है.
फोटोग्राफी के लिए सैमसंग गैलेक्सी Z ट्राई फोल्ड में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है, जिसमें 200MP का प्राइमरी सेंसर OIS सपोर्ट के साथ मिलता है. इसके अलावा 12MP का अल्ट्रा-वाइड लेंस और 10MP का टेलीफोटो सेंसर दिया गया है, जिसमें OIS और 30x डिजिटल ज़ूम मिलता है. सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में दो 10MP फ्रंट कैमरे दिए गए हैं. पावर के लिए स्मार्टफोन में 5,600mAh की बैटरी है, जो 45W वायर्ड और 15W वायरलेस चार्जिंग को सपोर्ट करती है.