Samsung Galaxy S26 FE को लेकर लंबे समय से चल रही चर्चाओं के बीच कंपनी ने अपने अगले Galaxy Event की तारीख का ऐलान कर दिया है। कंपनी के मुताबिक, यह इवेंट 27 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। इस दौरान Samsung अपने प्रीमियम Galaxy लाइनअप में एक और नया स्मार्टफोन पेश कर सकती है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया है कि इवेंट में कौन सा डिवाइस लॉन्च किया जाएगा। लीक और रिपोर्ट्स की मानें तो Galaxy S26 FE के लॉन्च होने की संभावना सबसे ज्यादा है।
Samsung ने X पर एक छोटा वीडियो शेयर करके 27 अगस्त के Galaxy Event की घोषणा की है। यह क्लिप AI की मदद से तैयार की गई है। वीडियो में एक पिल-शेप ट्रे के अंदर तीन कप नजर आते हैं। बीच वाले कप को हटाने के बाद स्क्रीन पर “Galaxy Event” लिखा दिखाई देता है। माना जा रहा है कि कप और ट्रे का डिजाइन Galaxy S26 FE के संभावित नए लुक की ओर इशारा कर सकता है, जो Galaxy S26 सीरीज के दूसरे डिवाइसेज़ से मिलता-जुलता हो सकता है।
पिछले महीने ही Samsung ने अपनी नई Galaxy Z फोल्डेबल सीरीज पेश की थी। अब कंपनी एक बार फिर लॉन्च इवेंट आयोजित करने जा रही है। पिछले साल Galaxy S25 FE को सितंबर के पहले सप्ताह में लॉन्च किया गया था, इसलिए इस साल भी Fan Edition मॉडल के आने की उम्मीद की जा रही है।
Samsung का Galaxy Event 27 अगस्त को दोपहर 12 बजे UTC पर शुरू होगा। भारतीय समय के अनुसार इवेंट शाम 5:30 बजे शुरू होगा। कंपनी इस लॉन्च इवेंट को अपनी आधिकारिक वेबसाइट और YouTube चैनल के जरिए लाइव स्ट्रीम करेगी।
🍵 Look familiar? Look closer 👀 Welcome to Galaxy S ✨ #GalaxyAI pic.twitter.com/fQEQHMpXJt
— Samsung Mobile (@SamsungMobile) August 19, 2026
Samsung ने अभी Galaxy S26 FE के स्पेसिफिकेशन की पुष्टि नहीं की है। हालांकि, ऑनलाइन सामने आई रिपोर्ट्स और लीक्स से फोन के कई संभावित फीचर्स का पता चला है।
AndroidHeadlines की एक रिपोर्ट के अनुसार, Galaxy S26 FE में डिजाइन में बदलाव देखने को मिल सकता है। फोन में पिल-शेप कैमरा मॉड्यूल दिया जा सकता है, जो Galaxy S26 सीरीज के अन्य मॉडल्स के डिजाइन से मिलता-जुलता होगा। फोन को Blueberry, Graphite और Pistachio जैसे तीन कलर ऑप्शन में पेश किए जाने की उम्मीद है। इसमें फ्लैट एल्युमिनियम फ्रेम और फ्लैट बैक पैनल मिल सकता है। फोन की मोटाई करीब 7.4mm बताई गई है। डस्ट और वॉटर रेजिस्टेंस के लिए इसमें IP68 रेटिंग मिलने की संभावना है।
Galaxy S26 FE में 6.7 इंच का FHD+ AMOLED डिस्प्ले दिए जाने की उम्मीद है। स्क्रीन में 120Hz रिफ्रेश रेट मिल सकता है। परफॉर्मेंस के लिए Samsung अपने इन-हाउस Exynos 2500 प्रोसेसर का इस्तेमाल कर सकती है। Galaxy S26 FE को Android 17 पर आधारित One UI 9 के साथ लॉन्च किया जा सकता है। इसके अलावा, डिवाइस को 7 साल तक OS अपडेट मिलने की उम्मीद है।
कैमरा सेटअप की बात करें तो Galaxy S26 FE में ट्रिपल रियर कैमरा सिस्टम दिया जा सकता है। इसमें 50-मेगापिक्सल का मेन कैमरा, 12-मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 8-मेगापिक्सल का टेलीफोटो कैमरा शामिल होने की संभावना है। सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए फोन के फ्रंट में 12-मेगापिक्सल का कैमरा मिल सकता है। Galaxy S26 FE में 4,900mAh की बैटरी मिलने की उम्मीद है। यह क्षमता Galaxy S25 FE में दी गई बैटरी के समान है। फोन में 45W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलने की संभावना है।
Samsung Galaxy S26 FE की भारत में संभावित कीमत को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी उपलब्ध नहीं है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका में फोन की शुरुआती कीमत 799 डॉलर हो सकती है, जो भारत में करीब 76,000 रुपये के बराबर है।
यह भी पढ़ें: Realme 16x vs iQOO Z11x vs Vivo T5x: डिज़ाइन, कैमरा, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना