oneplus launching OnePlus Nord CE6 and CE6 lite in india
चीन की स्मार्टफोन कंपनी OnePlus ने हाल ही में OnePlus Nord 6 को भारत में पेश किया है और अब कंपनी अपनी Nord सीरीज़ का विस्तार करने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी 7 मई को भारत में OnePlus Nord CE 6 और OnePlus Nord CE 6 Lite लॉन्च करने वाली है। खास बात यह है कि Nord CE Lite सीरीज़ करीब दो साल बाद वापसी कर रही है और यह OnePlus Nord CE 4 Lite का अगला वर्जन होगी, जिसे 2024 में लॉन्च किया गया था।
लॉन्च से पहले कंपनी ने Amazon पर बनाई गई माइक्रोसाइट के जरिए OnePlus Nord CE 6 Lite के कई अहम फीचर्स का खुलासा कर दिया है। इस स्मार्टफोन में 6.72 इंच की फुल HD डिस्प्ले मिलेगी, जो 1Hz से 120Hz तक डायनामिक रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है और जरूरत पड़ने पर 144Hz तक जा सकता है। गेमिंग के शौकीनों के लिए इसमें शूटर गेम्स में 90FPS और रनर गेम्स में 144FPS तक का सपोर्ट दिया जाएगा।
परफॉर्मेंस की बात करें तो यह डिवाइस MediaTek Dimensity 7400 Apex प्रोसेसर के साथ आएगा, जो 4nm टेक्नोलॉजी पर आधारित है। इसके साथ UFS 3.1 स्टोरेज भी मिलेगी। कंपनी के अनुसार, इस फोन ने AnTuTu बेंचमार्क में 10,30,000 से ज्यादा का स्कोर हासिल किया है। फोन को ठंडा बनाए रखने के लिए इसमें 5,300mm का वेपर चैंबर कूलिंग सिस्टम दिया गया है।
बैटरी के मामले में यह डिवाइस काफी दमदार साबित हो सकता है। इसमें 7000mAh की बड़ी बैटरी दी जाएगी, जो एक बार चार्ज करने पर दो दिन तक चल सकती है। इसके साथ 45W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट भी मिलेगा। कंपनी का दावा है कि यह बैटरी छह साल तक 80% तक अपनी क्षमता बनाए रखेगी। कैमरा सेटअप की बात करें तो OnePlus Nord CE 6 Lite में 50MP का प्राइमरी कैमरा होगा, जो 4K वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट करेगा। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 8MP का फ्रंट कैमरा मिलेगा।
सॉफ्टवेयर के तौर पर यह फोन Android आधारित OxygenOS 16 पर चलेगा और इसमें Google Gemini AI फीचर्स जैसे Gemini Live, कैमरा और स्क्रीन शेयरिंग सपोर्ट भी शामिल होंगे। यह स्मार्टफोन MIL-STD-810H सर्टिफिकेशन के साथ आएगा, जो इसे ज्यादा टिकाऊ बनाता है। OnePlus Nord CE 6 Lite को Vivid Mint और Hyper Black रंगों में पेश किया जाएगा।
यह डिवाइस Amazon के जरिए बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। कीमत की बात करें तो इसकी शुरुआती कीमत भारत में लगभग 20,000 से 25,000 रुपये के बीच हो सकती है।
यह भी पढ़ें: 50 प्रतिशत तक की छूट में मिल रहे 1.5 Ton Smart ACs, लिस्ट में 2026 के लेटेस्ट मॉडल्स