OnePlus के लिए “N” अक्षर काफी खास होता दिख रहा है. भारत में Nord सीरीज को सफलतापूर्वक स्थापित करने के बाद अब कंपनी अपनी स्मार्टफोन पोर्टफोलियो को और विस्तार देने की तैयारी में है. OnePlus ने आधिकारिक तौर पर अपनी नई N Series को टीज करना शुरू कर दिया है और इसके लिए एक डेडिकेटेड माइक्रोसाइट भी लाइव कर दी गई है. इससे फोन के डिजाइन और कलर ऑप्शन्स की पहली झलक सामने आ गई है.
माइक्रोसाइट पर दिखाई गई तस्वीरों के अनुसार, आने वाला OnePlus N सीरीज स्मार्टफोन फ्लैट फ्रेम और फ्लैट बैक पैनल डिजाइन के साथ आएगा. फोन के रियर पैनल पर ऊपर बाईं तरफ एक बड़ा कैमरा मॉड्यूल दिया गया है, जो इसे प्रीमियम लुक देता है. डिवाइस को कम से कम दो रंगों, ब्लैक और ग्रीन, में लॉन्च किया जाएगा. यह स्मार्टफोन भारत में Amazon के जरिए बिक्री के लिए उपलब्ध होगा.
हालांकि कंपनी ने अभी तक लॉन्च डेट, कीमत या स्पेसिफिकेशन्स का खुलासा नहीं किया है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में OnePlus इसके बारे में और जानकारी साझा करेगा.
कई रिपोर्ट्स और लीक्स की मानें तो OnePlus की इस नई सीरीज का पहला स्मार्टफोन OnePlus N6 नाम से लॉन्च हो सकता है. हालांकि कंपनी ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इस नाम की पुष्टि नहीं की है.
इस महीने की शुरुआत में टिप्स्टर योगेश बरार ने दावा किया था कि OnePlus भारत में एक पूरी नई N सीरीज तैयार कर रहा है, जिसका फोकस बजट स्मार्टफोन सेगमेंट होगा. रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी केवल एक स्मार्टफोन नहीं बल्कि N ब्रांडिंग के तहत कई डिवाइस लॉन्च करने की योजना बना रही है.
सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस सीरीज के कुछ मॉडल्स की कीमत ₹20,000 से कम हो सकती है. ऐसे में OnePlus उन ग्राहकों को टारगेट कर सकेगा जो कम बजट में कंपनी का OxygenOS अनुभव, डिजाइन और भरोसेमंद हार्डवेयर चाहते हैं.
फिलहाल भारत में OnePlus का सबसे किफायती स्मार्टफोन OnePlus Nord CE 6 Lite है. लेकिन नई N सीरीज इस कीमत से भी नीचे के सेगमेंट में उतर सकती है.
अगर ऐसा होता है तो OnePlus सीधे तौर पर Realme, Redmi, Vivo T सीरीज, iQOO Z सीरीज और Samsung की बजट 5G डिवाइसों को चुनौती देगा. भारतीय बाजार में ₹15,000 से ₹20,000 के बीच सबसे ज्यादा प्रतिस्पर्धा देखने को मिलती है और OnePlus इस मौके का फायदा उठाना चाहता है.
सिर्फ स्मार्टफोन ही नहीं, OnePlus एक नया ऑडियो प्रोडक्ट भी लॉन्च करने की तैयारी में है. कंपनी ने हाल ही में X (पूर्व में Twitter) पर OnePlus Nord Buds 4 को टीज किया है और “Coming Soon” का टैगलाइन इस्तेमाल किया है.
हालांकि कंपनी ने यह साफ नहीं किया है कि Nord Buds 4 और N Series स्मार्टफोन एक ही लॉन्च इवेंट में पेश किए जाएंगे या नहीं, लेकिन मौजूदा संकेत बताते हैं कि दोनों प्रोडक्ट्स को साथ लॉन्च किया जा सकता है.
फिलहाल N Series के बारे में आधिकारिक जानकारी काफी सीमित है. लेकिन माइक्रोसाइट लाइव होने और टीजर जारी होने के बाद यह साफ हो गया है कि OnePlus जल्द ही इस नई सीरीज का पूरा खुलासा करेगा.
अगर रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं, तो N Series OnePlus के लिए भारत में एक नया अध्याय साबित हो सकती है, खासकर उन ग्राहकों के लिए जो कम कीमत में प्रीमियम ब्रांड का अनुभव चाहते हैं.
यह भी पढ़ें: UPI ट्रांजैक्शन हो गया फेल लेकिन अकाउंट से कट गए पैसे? Paytm, PhonePe, GPay और BHIM पर ऐसे मिलेगा रिफंड