मोटोरोला इंडिया जल्द ही भारत में अपनी किफायती स्मार्टफोन सीरीज़ का विस्तार करने जा रही है। कंपनी ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि वह भारतीय बाजार में Moto G37 और Moto G37 Power स्मार्टफोन लॉन्च करेगी। दोनों नए G-सीरीज़ स्मार्टफोन्स को लेकर कंपनी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जानकारी साझा की है, जबकि Flipkart पर भी इनके लिए माइक्रोसाइट लाइव कर दी गई है, जहां कई प्रमुख फीचर्स सामने आए हैं।
मोटोरोला ने पुष्टि की है कि Moto G37 और Moto G37 Power को भारत में 19 मई को दोपहर 12 बजे लॉन्च किया जाएगा। लॉन्च के बाद दोनों स्मार्टफोन फ्लिपकार्ट, मोटोरोला के आधिकारिक चैनलों और देशभर के प्रमुख रिटेल स्टोर्स पर बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। माना जा रहा है कि इन स्मार्टफोन्स की शुरुआती कीमत भारत में 20,000 रुपये से कम रखी जा सकती है।
हालांकि कंपनी ने अभी तक आधिकारिक भारतीय कीमतों का खुलासा नहीं किया है, लेकिन ये दोनों डिवाइसेज़ इस साल की शुरुआत में यूरोप में लॉन्च हो चुके हैं। यूरोप में Moto G37 Power के 4GB + 256GB वेरिएंट की कीमत EUR 279 (करीब 31,000 रुपये) रखी गई थी। वहीं Moto G37 के 4GB + 128GB मॉडल की कीमत EUR 249 (करीब 27,000 रुपये) थी।
भारतीय वेरिएंट्स में Moto G37 और Moto G37 Power को MediaTek Dimensity 6400 प्रोसेसर के साथ लॉन्च किया जाएगा। यह ग्लोबल मॉडल्स से अलग होगा, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में ये स्मार्टफोन Dimensity 6300 चिपसेट के साथ पेश किए गए थे। दोनों स्मार्टफोन्स एंड्राइड 16 पर काम करेंगे।
इन स्मार्टफोन्स में 6.67 इंच का HD+ LCD डिस्प्ले मिलेगा, जो 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करेगा। डिस्प्ले की सुरक्षा के लिए कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 7i प्रोटेक्शन दिया जाएगा। कंपनी ने यह भी पुष्टि की है कि दोनों फोन में 12GB तक RAM का सपोर्ट मिलेगा।
फोटोग्राफी के लिए Moto G37 सीरीज़ में 50MP का प्राइमरी रियर कैमरा दिया जाएगा, जो क्वाड-पिक्सल टेक्नोलॉजी के साथ आएगा। इसके अलावा स्मार्टफोन्स में डॉल्बी एटमॉस और हाई-रेस ऑडियो सपोर्ट वाले स्टीरियो स्पीकर्स भी मिलेंगे। डिवाइसेज़ को MIL-STD-810H ड्यूरेबिलिटी सर्टिफिकेशन के साथ पेश किया जाएगा।
Moto G37 Power की सबसे बड़ी खासियत इसकी 7,000mAh बैटरी होगी। यह फोन 30W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट के साथ आएगा। कंपनी का दावा है कि यह डिवाइस एक बार चार्ज करने पर तीन दिन तक की बैटरी लाइफ दे सकता है। वहीं स्टैंडर्ड Moto G37 में 5,200mAh बैटरी दी जाएगी।
यह भी पढ़ें: खत्म हुआ इंतज़ार! Dhurandhar 2 ओटीटी पर रिलीज़, ऑनलाइन वर्जन में दिखे 3 मिनट के एक्स्ट्रा सीन