Xiaomi ने आज स्पेन में अपने Mi A3 स्मार्टफोन को लॉन्च कर दिया है जिसे कम्पनी पिछले कुछ समय से टीज़ कर रही थी। Mi A3 को कम्पनी ने चीन में Mi CC9e के नाम से लॉन्च किया था और अब यह डिवाइस Mi A3 के नाम से स्पेन में पेश किया गया है। इन दोनों फोंस में मुख्य अंतर सॉफ्टवेयर का है। Mi CC9e एंड्राइड 9 पाई पर आधारित MIUI 10 पर काम करता है जबकि Mi A3 एंड्राइड वन प्रोग्राम का हिस्सा है।
Xiaomi Mi A3 पिछले साल लॉन्च हुए Mi A2 का नया वर्जन है जिसे बेहतर डिज़ाइन, कैमरा और हार्डवेयर के साथ उतारा गया है। Mi A3 में 6.08 इंच की OLED डिस्प्ले दी गई है जिसका रेज़ोल्यूशन 1520×720 पिक्सल है और इसे गोरिला ग्लास 5 का प्रोटेक्शन दिया गया है।
Mi A3 क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 665 प्रोसेसर के साथ आया है जो 2.0GHz पर क्लोक्ड है। फोन में 4GB रैम और 64GB तथा 128GB इंटरनल स्टोरेज दिया गया है। यूज़र माइक्रो SD कार्ड के ज़रिए स्टोरेज को बढ़ा भी सकते हैं।
Mi A3 के फ्रंट पर डॉट नौच ड्रॉप डिस्प्ले दी गई है जिसमें 32MP का सेल्फी कैमरा मौजूद है और फोन के बैक पर 48MP का प्राइमरी कैमरा दिया गया है जिसका अपर्चर f/1.79 है, दूसरा कैमरा 8MP का वाइड-एंगल सेंसर है तहत तीसरा कैमरा 2MP का डेप्थ सेंसर है।
Mi A3 में 4030mAh की बैटरी मिल रही है जो सिंगल चार्ज में पूरे दिन चलने की उम्मीद है। इसकी बॉडी को Redmi Note 7 Pro की तरह गोरिला ग्लास 5 की बॉडी नहीं दी गई है बल्कि इसे पोलीकार्बोनेट से तैयार किया गया है।
Mi A3 को स्पेन में 249 euros (लगभग Rs 19,000) की कीमत में लॉन्च किया गया है जिसमें 6GB रैम और 64GB इंटरनल स्टोरेज दिया गया है। इसके अलावा, 6GB रैम और 128GB स्टोरेज वैरिएंट की कीमत 279 Euros (लगभग Rs 21,500) रखी गई है। अभी फोन के भारतीय लॉन्च की जानकारी सामने नहीं आई है।