Lava International ने भारत में अपना नया स्मार्टफोन Lava Shark 2 5G लॉन्च कर दिया है. यह फोन Shark सीरीज का नया मॉडल है और पिछले साल आए 4G वैरिएंट के मुकाबले बड़ी बैटरी के साथ आता है. कंपनी ने इसे बजट 5G सेगमेंट में पेश किया है, जहां अब बड़ी बैटरी और हाई रिफ्रेश रेट डिस्प्ले वाले फोन की मांग तेजी से बढ़ रही है.
Lava Shark 2 5G की भारत में कीमत 11,999 रुपये रखी गई है. यह कीमत 4GB RAM और 64GB स्टोरेज वैरिएंट के लिए है. कंपनी इस फोन की बिक्री 10 जून से शुरू करेगी और इसे ऑफलाइन रिटेल स्टोर्स के जरिए खरीदा जा सकेगा.
नया Lava फोन Arya Blue और Sonar Gold रंगों में आएगा. Lava ने इस डिवाइस के साथ Free Home Service का वादा भी किया है, जो कंपनी अपने कई स्मार्टफोन्स में पहले से देती आ रही है.
फोन में 6.75 इंच का HD+ LCD डिस्प्ले दिया गया है जो 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है. ज्यादा रिफ्रेश रेट की वजह से स्क्रॉलिंग और गेमिंग पहले से ज्यादा स्मूद महसूस हो सकती है. बजट सेगमेंट में 120Hz स्क्रीन अब तेजी से आम होती जा रही है और Lava ने भी इस फीचर को नए Shark 2 5G में शामिल किया है.
परफॉर्मेंस के लिए फोन में ऑक्टा-कोर Unisoc T8200 प्रोसेसर दिया गया है, जो 6nm प्रोसेस पर बना है. फोन में 4GB RAM के साथ 4GB वर्चुअल RAM सपोर्ट भी मिलता है. कंपनी का दावा है कि यह फोन AnTuTu प्लेटफॉर्म पर 5 लाख से ज्यादा स्कोर हासिल कर चुका है.
फोटोग्राफी के लिए Lava Shark 2 5G में 13 मेगापिक्सल AI रियर कैमरा दिया गया है. वहीं फ्रंट में 5 मेगापिक्सल कैमरा मिलता है, जिसका इस्तेमाल सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए किया जा सकता है.
यह स्मार्टफोन Android 16 पर चलता है. कंपनी का कहना है कि इसमें यूजर्स को बिना फालतू ऐप्स और विज्ञापनों वाला अनुभव मिलेगा. Lava ने इस फोन के लिए एक Android अपडेट और दो साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा भी किया है.
फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 6000mAh बैटरी है. कंपनी के मुताबिक यह फोन लगभग 13 घंटे 35 मिनट तक YouTube वीडियो चला सकता है. वहीं लगभग 12 घंटे 23 मिनट तक Screen-on Time मिलने का दावा भी किया गया है.
फोन में 18W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट दिया गया है और चार्जिंग के लिए USB Type-C पोर्ट मिलता है. Lava Shark 2 5G में IP64 रेटिंग भी दी गई है. इसका मतलब है कि फोन धूल और हल्के पानी के छींटों से सुरक्षित रह सकता है.
यह भी पढ़ें: रिस्क पर Android फोन की सिक्योरिटी, क्या आपको इस्तेमाल करना चाहिए एंटी-वायरस? समझ लें मुद्दे की बात