भारतीय मोबाइल फोन कंपनी लावा ने अपनी नोएडा स्थित फ़ैक्टरी में उत्पादन फिर से शुरू कर दिया है। कंपनी ने अपनी उत्पादन क्षमता के 20 प्रतिशत के साथ परिचालन शुरू किया हैI लावा के 3000 कर्मचारियों में से 600 ने बीते शुक्रवार से काम फिर से शुरू कर दिया है।
कंपनी ने अपने कर्मचारियों के परिवहन के लिए विशेष बसों की व्यवस्था की है। लावा अपने कर्मचारियों को कंपनी के परिसर के अंदर और बाहर दोनों जगह बुनियादी स्वच्छता और सामाजिक दूरी का अभ्यास करने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कंपनी नियमित रूप से सबकी स्वास्थ्य जांच भी कर रही है।
लावा के CMO संजीव अग्रवाल ने कहा “हम मोबाइल फोन कंपनियों को संचालन फिर से शुरू करने की अनुमति देने के सरकार के कदम का स्वागत करते हैं। हालांकि, श्रमिकों और कुछ घटकों (components) की उपलब्धता समय से ना होने के कारण हमें चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। हमारे पास शुरुआती अवधि के लिए अपने उत्पादन की गति बनाए रखने के लिए पर्याप्त सूची है। इस बीच, हमने अन्य देशों पर निर्भरता को कम करने के लिए घटकों के स्थानीयकरण की दिशा में अपने प्रयासों को तेज किया है।”