iPhone 18 Pro की डिटेल्स हो गई लीक! डिजाइन से लेकर कैमरा तक की जानकारी आई सामने, जान लें इस बार क्या रहेगा खास

HIGHLIGHTS

iPhone 18 Pro सीरीज में Dark Cherry नाम का नया सिग्नेचर रंग देखने को मिल सकता है.

नई सीरीज में Variable Aperture कैमरा और A20 Pro प्रोसेसर मिलने की चर्चा है.

iPhone 18 Pro Max में 5200mAh तक की बड़ी बैटरी दी जा सकती है.

Apple के iPhone लॉन्च से पहले हर साल नई अफवाहें और लीक सामने आती हैं. डिजाइन, कैमरा और फीचर्स के साथ-साथ नए रंग भी हमेशा चर्चा का विषय बने रहते हैं. पिछले साल iPhone 17 Pro सीरीज में Cosmic Orange और iPhone 16 Pro सीरीज में Desert Titanium रंग काफी चर्चा में रहे थे. अब नई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि iPhone 18 Pro सीरीज का सिग्नेचर रंग Dark Cherry हो सकता है.

एक नई लीक के मुताबिक Apple इस बार गहरे चेरी रेड या वाइन जैसे शेड पर काम कर रहा है, जो Pro मॉडल्स को एक अलग पहचान दे सकता है.

Dark Cherry कलर में आ सकता है iPhone 18 Pro

टिप्स्टर Yeux1122 ने अपने Naver ब्लॉग पर कथित iPhone 18 Pro Max के मेटल फ्रेम की तस्वीरें शेयर की हैं. इन तस्वीरों में Dark Cherry के अलावा Cloud Blue और Black रंग भी दिखाई दे रहे हैं. हालांकि यह जानकारी पहले सामने आई एक दूसरी रिपोर्ट से अलग है, जिसमें टिप्स्टर Instant Digital ने दावा किया था कि इस बार Pro सीरीज में Black रंग नहीं मिलेगा. फिलहाल Apple की तरफ से किसी भी रंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

इस साल केवल तीन मॉडल हो सकते हैं लॉन्च

रिपोर्ट्स के अनुसार Apple इस साल सितंबर में केवल तीन नए मॉडल पेश कर सकता है. इनमें iPhone 18 Pro, iPhone 18 Pro Max और कंपनी का पहला फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Ultra शामिल हो सकता है. वहीं स्टैंडर्ड iPhone 18, iPhone 18e और iPhone 18 Air को अगले साल लॉन्च किया जा सकता है.

कैमरा में मिल सकते हैं बड़े बदलाव

iPhone 18 Pro सीरीज में कैमरा विभाग सबसे बड़ा अपग्रेड देखने को मिल सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक Apple पहली बार मुख्य कैमरा में Variable Aperture सिस्टम दे सकता है. इसकी मदद से कैमरा सेंसर तक पहुंचने वाली रोशनी को जरूरत के अनुसार नियंत्रित किया जा सकेगा.

इससे कम रोशनी में बेहतर तस्वीरें, पोर्ट्रेट मोड में ज्यादा प्राकृतिक बैकग्राउंड ब्लर और वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान बेहतर एक्सपोजर कंट्रोल मिल सकता है. इसके अलावा Apple नए Three-Layer Stacked Image Sensor का इस्तेमाल कर सकता है. इससे Dynamic Range बेहतर हो सकती है, इमेज नॉइज कम हो सकता है और फोटो प्रोसेसिंग की स्पीड बढ़ सकती है.

टेलीफोटो कैमरा में भी बड़ा अपग्रेड मिलने की उम्मीद है. इसमें ज्यादा चौड़ा Aperture मिल सकता है, जिससे कम रोशनी में Zoom फोटो की क्वालिटी बेहतर हो सकती है. वहीं फ्रंट कैमरा को 24MP तक अपग्रेड किए जाने की चर्चा है, जिससे सेल्फी और वीडियो कॉलिंग का अनुभव बेहतर हो सकता है.

मिलेगा नया A20 Pro प्रोसेसर

iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max में Apple का नया A20 Pro चिपसेट देखने को मिल सकता है. रिपोर्ट्स के अनुसार यह प्रोसेसर TSMC की 2nm प्रोसेस टेक्नोलॉजी पर तैयार किया जाएगा. लीक्स में दावा किया गया है कि नया चिपसेट पिछले मॉडल की तुलना में लगभग 15 प्रतिशत बेहतर परफॉर्मेंस और करीब 30 प्रतिशत ज्यादा पावर एफिशिएंसी दे सकता है. इसके अलावा Pro मॉडल्स में 12GB RAM मिलने की भी संभावना है.

डिस्प्ले में भी हो सकता है बदलाव

Apple इस बार डिस्प्ले क्वालिटी को और बेहतर बनाने की तैयारी में है. iPhone 18 Pro में 6.3 इंच और iPhone 18 Pro Max में 6.9 इंच की स्क्रीन मिलने की उम्मीद है. हालांकि स्क्रीन साइज पहले जैसा ही रह सकता है, लेकिन कंपनी नए LTPO+ OLED पैनल का इस्तेमाल कर सकती है.

इससे ब्राइटनेस, पावर एफिशिएंसी और इमेज क्वालिटी में सुधार देखने को मिल सकता है. रिपोर्ट्स के अनुसार Dynamic Island का आकार भी लगभग 35 प्रतिशत तक छोटा किया जा सकता है. हालांकि इस साल Under Display Face ID मिलने की संभावना कम बताई जा रही है.

बैटरी में मिल सकता है बड़ा अपग्रेड

बैटरी लाइफ भी iPhone 18 Pro सीरीज की बड़ी खासियत बन सकती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक iPhone 18 Pro Max में 5100mAh से 5200mAh तक की बैटरी दी जा सकती है. अगर ऐसा होता है तो यह अब तक किसी iPhone में दी गई सबसे बड़ी बैटरियों में से एक होगी. इससे यूजर्स को लंबा बैकअप और बेहतर बैटरी परफॉर्मेंस मिलने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें: UPI ट्रांजैक्शन हो गया फेल लेकिन अकाउंट से कट गए पैसे? Paytm, PhonePe, GPay और BHIM पर ऐसे मिलेगा रिफंड

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है.

Connect On :