Honor ने Mobile World Congress 2026 में कई कॉन्सेप्ट पेश किए. इन शोकेस के बाद यह साफ हो गया कि कि कंपनी अब पारंपरिक स्मार्टफोन्स से आगे बढ़ने की तैयारी में है. चीन स्थित इस कंपनी ने एक बार फिर अपने बहुप्रतीक्षित Robot Phone को प्रदर्शित किया. यह फोन कंपनी के Honor Magic V6 फोल्डेबल पर आधारित है.
इस बार कंपनी ने इसके फीचर्स और उपलब्धता को लेकर अधिक ठोस जानकारी दी. इसके अलावा Honor ने अपने AI विजन के तहत एक ह्यूमनॉइड रोबोट प्रोटोटाइप भी पेश किया और फोल्डेबल डिवाइस के लिए खास तौर पर डिजाइन की गई नई Blade Battery का खुलासा किया.
आपको बता दें कि कंपनी के प्रमुख आकर्षणों में से एक Robot Phone रहा. इसे पहली बार अक्टूबर 2025 में टीज किया गया था और यह Honor Magic V6 पर आधारित है. इसमें 200-मेगापिक्सल कैमरा दिया गया है, जो कंपनी के अनुसार स्मार्टफोन बॉडी के भीतर इंडस्ट्री-फर्स्ट तीन-एक्सिस मैकेनिकल गिम्बल के साथ आता है.
ब्रांड के मुताबिक यह सिस्टम कस्टम माइक्रो मोटर से सक्षम कॉम्पैक्ट चार-डिग्री-ऑफ-फ्रीडम स्ट्रक्चर से लैस है. इसे पारंपरिक समाधानों की तुलना में 70 प्रतिशत छोटा बताया गया है. Honor का दावा है कि इस स्तर की मिनिएचराइजेशन से रोबोट-ग्रेड मोशन कंट्रोल को 2800MPa हाई-स्ट्रेंथ मटेरियल से बने स्टैंडर्ड स्मार्टफोन चेसिस में फिट किया जा सकता है. यह मैकेनिकल गिम्बल एडवांस स्टेबलाइजेशन देने का वादा करता है, जिससे डायनामिक शूटिंग स्थितियों में स्मूद फुटेज मिल सके.
Honor Robot Phone में AI-आधारित कैमरा कैपिबिलिटी भी दी गई हैं. उदाहरण के तौर पर AI Object Tracking कैमरे को रियल टाइम में सब्जेक्ट पर लॉक कर उसे फॉलो करने की सुविधा देता है. वहीं AI SpinShot फीचर 90 डिग्री और 180 डिग्री के कंट्रोल्ड रोटेशन के जरिए सिनेमैटिक ट्रांजिशन संभव बनाता है.
कंपनी ने एजेंटिक शूटिंग टूल्स की भी जानकारी दी है. Honor का कहना है कि उसने जर्मन मोशन पिक्चर फिल्म इक्विपमेंट निर्माता ARRI के साथ साझेदारी की है, ताकि प्रोफेशनल सिनेमा एक्सपर्टीज को मोबाइल इमेजिंग सॉल्यूशन में जोड़ा जा सके. ब्रांड के अनुसार Honor Robot Phone को 2026 की दूसरी छमाही में व्यावसायिक रूप से लॉन्च किया जाएगा, हालांकि शुरुआत में यह केवल चीन में उपलब्ध होगा. कीमत का खुलासा अभी नहीं किया गया है.
इसी इवेंट में Honor ने अपना पहला ह्यूमनॉइड रोबोट भी पेश किया. कंपनी का कहना है कि उसके रोबोट्स को शुरुआत से ही कंज्यूमर एनवायरनमेंट के लिए डिजाइन किया जा रहा है, जबकि कई अन्य कंपनियां औद्योगिक उपयोग को प्राथमिकता देती हैं. Honor के अनुसार उसके रोबोट तीन मुख्य परिदृश्यों पर केंद्रित होंगे, जिनमें शॉपिंग असिस्टेंस, वर्कप्लेस इंस्पेक्शन और सपोर्टिव कम्पैनियनशिप शामिल हैं.
Honor ने जोर दिया कि स्मार्टफोन और कनेक्टेड डिवाइस विकसित करने के अपने अनुभव से उसे यूजर बिहेवियर की गहरी समझ मिली है. ब्रांड के मुताबिक यही इकोसिस्टम निरंतरता भविष्य के एम्बॉडीड AI डिवाइस को उपयोगकर्ताओं को पहचानने, समझने और पहली ही इंटरैक्शन से व्यक्तिगत फिजिकल सहायता प्रदान करने में मदद करेगी.
इवेंट के दौरान ह्यूमनॉइड रोबोट ने दर्शकों के सामने रिमोट कंट्रोल जेस्चर और पोज का प्रदर्शन किया. हालांकि, Honor ने अभी इसके स्पेसिफिकेशन, कीमत या व्यावसायिक उत्पादन टाइमलाइन का खुलासा नहीं किया है.
इवेंट के दौरान Honor ने फोल्डेबल स्मार्टफोन्स के लिए डिजाइन की गई अपनी Silicon-Carbon Blade Battery टेक्नोलॉजी का भी प्रदर्शन किया. कंपनी का कहना है कि यह बैटरी सिलिकॉन कंटेंट को 32 प्रतिशत तक बढ़ाती है, जिससे 900Wh/L से अधिक ऊर्जा डेंसिटी संभव होता है. Blade Battery को भविष्य के ऐसे फोल्डेबल डिवाइस के लिए तैयार बताया गया है, जिनकी क्षमता 7,000mAh या उससे अधिक हो सकती है और फिर भी उनका प्रोफाइल पतला बना रहे.
बैटरी की पतलापन और मजबूती दिखाने के लिए Honor ने Guinness World Record धारक Rick Smith Jr. के साथ एक विजुअल डेमो प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने हवा में घूमती हुई एक ताश की पत्ती फेंकी. क्लिप में संकेत दिया गया कि वह “कार्ड” दरअसल अल्ट्रा-थिन बैटरी ही थी.