Apple का बड़ा लॉन्च इवेंट आज यानी 9 सितंबर को आयोजित होने जा रहा है। कंपनी इस इवेंट में नई iPhone 18 Pro सीरीज के साथ अपना पहला फोल्डेबल iPhone पेश कर सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Apple का फोल्डेबल फोन iPhone Fold Ultra नाम से बाजार में दस्तक दे सकता है। इसका डिजाइन Samsung Galaxy Z Fold 8 की तरह बुक-स्टाइल फोल्डिंग फॉर्म में होने की उम्मीद है।
भारतीय समय के अनुसार Apple का इवेंट रात 10:30 बजे शुरू होगा। इस बार कंपनी के नए CEO जॉन टर्नस इवेंट की शुरुआत करेंगे। लॉन्च इवेंट में Apple की नई रणनीति की झलक भी देखने को मिल सकती है। हालांकि, कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि कंपनी इस इवेंट में स्टैंडर्ड iPhone 18 मॉडल को पेश नहीं करेगी।
iPhone 18 Pro का ओवरऑल डिजाइन पिछले साल आए iPhone 17 Pro से बहुत अलग होने की उम्मीद नहीं है। हालांकि, इंटरनल हार्डवेयर में कई महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, Apple डिस्प्ले, कैमरा, प्रोसेसर और बैटरी से जुड़े अपग्रेड्स पर फोकस कर सकता है।
iPhone 18 Pro में डायनेमिक आइलैंड का आकार iPhone 17 Pro के मुकाबले छोटा किए जाने की उम्मीद है। इससे स्क्रीन पर ज्यादा उपयोगी स्पेस मिल सकता है। कैमरा सेटअप में भी बदलाव की संभावना है और इसके मुख्य रियर कैमरे में वेरिएबल अपर्चर फीचर मिलने की बात सामने आई है।
Apple के पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन को लेकर लंबे समय से चर्चाएं चल रही हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, iPhone Fold Ultra एक बुक-स्टाइल फोल्डेबल डिवाइस होगा। इसमें अंदर की तरफ 7.6 से 7.8 इंच का OLED डिस्प्ले दिया जा सकता है, जबकि बाहर की ओर 5.3 इंच का कवर डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है।
दोनों स्क्रीन पर 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट मिलने की बात कही जा रही है। इस तरह फोन को फोल्ड करने के बाद इसे सामान्य स्मार्टफोन की तरह और खोलने पर बड़े स्क्रीन डिवाइस की तरह इस्तेमाल किया जा सकेगा।
iPhone Fold Ultra की कीमत इसे Apple के सबसे महंगे iPhone में शामिल कर सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स में एक टिप्स्टर के हवाले से दावा किया गया है कि इसकी कीमत करीब 2.5 लाख रुपये तक हो सकती है।
हालांकि, कीमत से जुड़ी यह जानकारी अभी आधिकारिक नहीं है। Apple की ओर से iPhone Fold Ultra की कीमत या लॉन्च से संबंधित इन दावों की फिलहाल पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में इवेंट में सामने आने वाली आधिकारिक जानकारी का इंतजार करना होगा।
यह भी पढ़ें: Poco X8 Power vs Realme P4s: कैमरा, बैटरी, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना