आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में अब तक हम चैटबॉट्स से सिर्फ सवाल पूछते थे और वे हमें जवाब लिखकर या इमेज बनाकर दे देते थे। लेकिन अब यह पूरा समीकरण हमेशा के लिए ही चेंज होने जा रहा है। सैन फ्रांसिस्को की एआई कंपनी OpenAI ने अपना अब तक का सबसे महत्वाकांक्षी और शक्तिशाली मॉडल GPT-6 Astra आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। कंपनी के प्रेसिडेंट ग्रेग ब्रॉकमैन (Greg Brockman) ने इसे सीधे तौर पर ‘AGI युग का स्वागत’ करार दिया है। AGI यानी आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस वह स्थिति है, जहां मशीनें इंसानों से बेहतर तरीके से आर्थिक और बौद्धिक काम खुद करने लगती हैं। इस लॉन्च के साथ एआई केवल सलाह देने वाला टूल नहीं, बल्कि आपके कंप्यूटर पर बैठकर असली काम करने वाला डिजिटल वर्कर बन गया है।
OpenAI का दावा है कि GPT-6 Astra दुनिया का सबसे बेहतरीन Computer Use मॉडल है। इसका मतलब यह है कि इसे किसी सॉफ्टवेयर से कनेक्ट करने के लिए अलग से जटिल API की जरूरत नहीं पड़ती, बल्कि यह इंसानों के लिए बने सामान्य इंटरफेस को देखकर सीधे काम करता है। आइए इसके कुछ फीचर्स आदि पर एक नजर डाल लेते हैं।
यह आपकी स्क्रीन देखकर ब्राउज़र खोल सकता है, वेबसाइट्स पर जाकर रिसर्च कर सकता है, डेटा निकालकर एक्सेल/स्प्रेडशीट भर सकता है और सीआरएम (CRM) रिकॉर्ड्स अपडेट कर सकता है। इसके अलावा यह खुद Python नोटबुक्स में डेटा एनालिसिस कर सकता है, कोड लिखकर वेबसाइट्स बना सकता है और उनकी लाइव टेस्टिंग भी खुद ही कर लेता है।
जैसा कि OpenAI की रिसर्चर मिया ग्लेस (Mia Glaese) ने कहा कि, अब इंसान का काम छोटे-छोटे प्रॉम्प्ट टाइप करना नहीं, बल्कि ऊपर बैठकर मैनेजर की तरह काम सौंपना और निगरानी करना होगा।
कंपनी के अनुसार, GPT-6 Astra को Stargate इंफ्रास्ट्रक्चर पर 1 लाख से अधिक DBUs की भारी-भरकम क्षमता के साथ ट्रेन किया गया है, जहां पुराने मॉडल्स ने नए मॉडल की ट्रेनिंग की खुद निगरानी की है। इस बेंचमार्क पर इसने 98.6% का जबरदस्त स्कोर हासिल किया है। FrontierMath Tier 4 v2 पर 97.6% और GPQA Diamond पर 96% अंक दर्ज किए हैं। OSWorld 2.0 बेंचमार्क पर 72.6% स्कोर प्राप्त किया है, जो पिछले मॉडल GPT-5.6 Sol के मुकाबले 47% कम समय में काम पूरा करने को दर्शाता है।
इस मॉडल की बेपनाह ताकत ही इसकी सबसे बड़ी चिंता भी बन चुकी है। Astra पहला ऐसा मॉडल है जिसने OpenAI के सेफ्टी फ्रेमवर्क में Critical साइबर सिक्योरिटी थ्रेशोल्ड को पार किया है। यह इंसानी मदद के बिना बिल्कुल अनजान सॉफ्टवेयर खामियों (Zero-Day Flaws) को ढूंढकर उनका एक्सप्लॉइट तैयार कर सकता है। इसने ExploitBench पर 100% स्कोर किया और टेस्टिंग में दो बिल्कुल नई खामियां भी पकड़ीं।
अगस्त में एक अन्य मॉडल द्वारा Hugging Face सर्वर पर हुई घटना के बाद कंपनी ने कुछ हफ्तों के लिए ट्रेनिंग रोकी थी। इसी वजह से Astra की खतरनाक साइबर क्षमताओं को आम जनता से दूर रखकर केवल Daybreak Blue प्रोग्राम के तहत क्रिटिकल इंफ्रास्ट्रक्चर संभालने वाले भरोसेमंद डिफेंडर्स को ही दिया जा रहा है।
डेवलपर्स के लिए यह gpt-6-astra के नाम से उपलब्ध होगा। इसकी कीमत स्टैंडर्ड मोड में $10 प्रति मिलियन इनपुट टोकन और $50 प्रति मिलियन आउटपुट टोकन तय की गई है। फिलहाल यह एंटरप्राइज़ यूज़र्स के लिए Daybreak प्रोग्राम के तहत रोलआउट हो रहा है। आने वाले दिनों में यह ChatGPT Plus, Pro, Business, Enterprise के साथ Microsoft Azure और AWS Bedrock पर भी उपलब्ध होगा।
यह भी पढ़ें: Vivo T5 5G VS iQOO Z11 VS Nord CE 6: प्राइस, डिस्प्ले, प्रोसेसर, कैमरा और बैटरी के साथ अन्य की तुलना