ट्रेन में आप भी मंगवाते हैं खाना? IRCTC का बड़ा एक्शन! इन ऐप और वेबसाइट पर हो गई कार्रवाई

भारतीय रेलवे में सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक अहम खबर सामने आई है. भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने रेलवे नेटवर्क पर अवैध रूप से संचालित हो रहे ई-कैटरिंग प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है. इस विशेष कार्रवाई के तहत IRCTC ने 14 गैर-अधिकृत ई-कैटरिंग ऑपरेटरों के खिलाफ कानूनी कदम उठाए हैं और यात्रियों को केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म्स के जरिए ही खाना ऑर्डर करने की सलाह दी है.

IRCTC ने बताया कि इन प्लेटफॉर्म्स को 18 फरवरी 2026 को कानूनी नोटिस जारी किया गया था. इसके बाद 16 मार्च और 11 अप्रैल 2026 को इनके खिलाफ आधिकारिक आपराधिक शिकायतें भी दर्ज कराई गईं.

इन वेबसाइट्स और ऐप्स पर हुई कार्रवाई

IRCTC के अनुसार कई वेबसाइट्स और ऐप्स बिना अनुमति रेलवे यात्रियों को भोजन डिलीवरी सेवाएं दे रहे थे. इनमें railrestro.com, railrestro.in, railmitra.com, travelkhana.com, trainscafe.com, dibrail.com, railfood.net, comesum.com, travelerfood.com, foodontrack.in, ecatering.app, khanaonline.in, trainway.in, railmeal.com और trainmenu.com शामिल हैं.

निगम का कहना है कि ये प्लेटफॉर्म रेलवे और IRCTC की ब्रांडिंग का दुरुपयोग कर रहे थे और यात्रियों को भ्रमित करके सेवाएं उपलब्ध करा रहे थे.

स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा को बड़ा खतरा

IRCTC ने चेतावनी दी है कि कई अनधिकृत प्लेटफॉर्म ऐसे रेस्तरां और किचन से भोजन मंगवाते हैं जो भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करते.

ऐसे मामलों में भोजन अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार किया जा सकता है और डिलीवरी स्टाफ या किचन कर्मचारियों के जरूरी मेडिकल परीक्षण भी नहीं किए जाते. इससे यात्रियों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है.

साइबर और वित्तीय जोखिम भी बढ़े

IRCTC के मुताबिक इन प्लेटफॉर्म्स पर खाना ऑर्डर करने के दौरान यात्रियों को अपना PNR नंबर, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और भुगतान संबंधी जानकारी साझा करनी पड़ती है.

ऐसे में साइबर धोखाधड़ी, फिशिंग और डेटा चोरी का खतरा बढ़ जाता है. यदि ऑर्डर कैंसल हो जाए या भोजन डिलीवर न हो, तो यात्रियों को किसी आधिकारिक ग्राहक सहायता का लाभ भी नहीं मिलता और उनका पैसा फंस सकता है.

केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म्स से करें बुकिंग

यात्रियों की सुरक्षा, डेटा गोपनीयता और भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए IRCTC ने सलाह दी है कि भोजन केवल आधिकारिक ई-कैटरिंग प्लेटफॉर्म्स के जरिए ही ऑर्डर किया जाए.

यात्री IRCTC की आधिकारिक ई-कैटरिंग वेबसाइट और Food on Track मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके अलावा IRCTC द्वारा अधिकृत फूड एग्रीगेटर्स और वेंडर्स की सूची भी आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है.

बड़े ब्रांड्स से मिलता है खाना

IRCTC ई-कैटरिंग सेवा के जरिए यात्रियों को कई लोकप्रिय फूड ब्रांड्स से भोजन मंगाने की सुविधा देता है. इनमें Behrouz Biryani, Bikanerwala, Biryani Blues, Biryani by Kilo, Domino’s, Faasos, Firangi Bake, Haldiram’s, KFC, La Pino’z Pizza, Lunchbox, McDonald’s, Oven Story, Pizza Hut और Sweet Truth जैसे नाम शामिल हैं.

इसके अलावा IRCTC ने Zomato और Swiggy के साथ भी साझेदारी की है, जिससे यात्रियों को ट्रेन में विभिन्न रेस्तरां का भोजन उपलब्ध कराया जा सके.

तेजी से बढ़ रही है ई-कैटरिंग सेवा

अप्रैल 2026 तक IRCTC की ई-कैटरिंग सेवा देशभर के 400 से अधिक रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध है. इस नेटवर्क में 629 प्रत्यक्ष वेंडर्स और 13 अधिकृत फूड एग्रीगेटर्स के जरिए 5,604 से अधिक वेंडर्स जुड़े हुए हैं.

यह सेवा आरक्षित टिकट वाले यात्रियों के लिए उपलब्ध है और भोजन की डिलीवरी उनके PNR नंबर के आधार पर सीधे ट्रेन की सीट तक की जाती है. अप्रैल 2026 में प्रतिदिन औसतन 1.55 लाख से अधिक भोजन ऑर्डर किए गए थे.

यह भी पढ़ें: UPI ट्रांजैक्शन हो गया फेल लेकिन अकाउंट से कट गए पैसे? Paytm, PhonePe, GPay और BHIM पर ऐसे मिलेगा रिफंड

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है.

Connect On :