Take-Two Interactive ने आखिरकार GTA 6 की रिलीज को लेकर चल रही नई देरी की अफवाहों पर रोक लगा दी है. कंपनी ने अपनी Q4 FY26 अर्निंग कॉल के दौरान साफ कर दिया कि Grand Theft Auto VI अब 19 नवंबर 2026 को ही लॉन्च होगा. यानि अब फिलहाल किसी नई देरी की बात नहीं है.
गेम को Rockstar Games डेवलप कर रही है जबकि पब्लिशिंग की जिम्मेदारी Take-Two के पास है. कंपनी के CEO Strauss Zelnick ने GTA 6 को “अब तक की सबसे ज्यादा इंतजार की जाने वाली एंटरटेनमेंट प्रॉपर्टी” बताया.
Rockstar Games ने अभी तक GTA 6 का तीसरा ट्रेलर जारी नहीं किया है, लेकिन Take-Two ने बताया कि गेम का बड़ा मार्केटिंग कैंपेन इस गर्मी से शुरू होने वाला है. जून और जुलाई 2026 के बीच फैंस को कई बड़े अपडेट देखने को मिल सकते हैं. इनमें Trailer 3, प्री ऑर्डर डिटेल्स, कीमत, कलेक्टर एडिशन और गेमप्ले की पहली झलक शामिल हो सकती है. कंपनी इस बार GTA 6 को लेकर दुनियाभर में बड़े स्तर पर प्रमोशन करने की तैयारी में है.
Take-Two को उम्मीद है कि GTA 6 कंपनी के लिए रिकॉर्ड तोड़ कमाई लेकर आएगा. कंपनी FY27 में 8 अरब डॉलर से 8.2 अरब डॉलर तक नेट बुकिंग हासिल करने का लक्ष्य लेकर चल रही है और इसका बड़ा हिस्सा GTA 6 से आने की उम्मीद है.
हालांकि इतनी बड़ी लॉन्चिंग के लिए कंपनी को भारी खर्च भी करना पड़ रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक मार्केटिंग खर्च की वजह से कुल ऑपरेटिंग कॉस्ट लगभग 8 प्रतिशत तक बढ़ सकती है और यह करीब 4.2 अरब डॉलर तक पहुंच सकती है.
अभी तक की जानकारी के मुताबिक GTA 6 शुरुआत में सिर्फ PlayStation 5, Xbox Series X और Xbox Series S पर लॉन्च होगा. PC वर्जन को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. पहले गेम को 2025 में लॉन्च किया जाना था लेकिन बाद में इसकी रिलीज को नवंबर 2026 तक आगे बढ़ा दिया गया.
मई 2025 में GTA 6 का दूसरा ट्रेलर आने के बाद से Rockstar Games ने गेम की कहानी, गेमप्ले मैकेनिक्स और ऑनलाइन फीचर्स को लेकर ज्यादा जानकारी शेयर नहीं की है.
फैंस खासतौर पर कई चीजों का इंतजार कर रहे हैं. इनमें ओपन वर्ल्ड गेमप्ले, GTA Online इंटीग्रेशन, नए शहर और लोकेशन, कैरेक्टर की क्षमताएं, ग्राफिक्स अपग्रेड और मल्टीप्लेयर फीचर्स शामिल हैं. उम्मीद की जा रही है कि इस गर्मी शुरू होने वाला मार्केटिंग कैंपेन इन सभी चीजों से पर्दा उठा सकता है.
Take-Two ने यह भी बताया कि FY27 में GTA 6 के अलावा भी कई बड़े गेम लॉन्च किए जाएंगे. कंपनी की लाइनअप में NBA 2K, WWE 2K, PGA Tour 2K जैसे बड़े टाइटल्स के साथ 6 और नए गेम शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: रिस्क पर Android फोन की सिक्योरिटी, क्या आपको इस्तेमाल करना चाहिए एंटी-वायरस? समझ लें मुद्दे की बात