टेक दिग्गज Google ने अपने नए लैपटॉप लाइनअप Googlebooks का ऐलान कर दिया है. यह नए डिवाइस Gemini AI पर आधारित होंगे और कंपनी के अनुसार इन्हें शुरुआत से ही AI को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है. Acer, Asus, Dell, HP और Lenovo जैसे बड़े ब्रांड्स के साथ कंपनी काम कर रही है ताकि अलग-अलग डिजाइन और साइज में Googlebooks को लॉन्च किया जा सके.
Googlebooks को कंपनी ने ऐसे लैपटॉप के रूप में पेश किया है, जो यूजर्स को स्मार्ट और प्रोएक्टिव मदद देगा. इसमें Gemini AI का सीधा इंटीग्रेशन होगा, जिससे यूजर्स को काम के दौरान सुझाव और ऑटोमेशन मिलेंगे. इन लैपटॉप में “Magic Pointer” नाम का नया फीचर दिया गया है. यह एक AI आधारित कर्सर है, जो स्क्रीन पर मौजूद कंटेंट के हिसाब से सुझाव देता है.
जैसे अगर आप किसी ईमेल में तारीख पर कर्सर ले जाते हैं, तो यह मीटिंग सेट करने का ऑप्शन देगा. वहीं अगर दो तस्वीरें चुनते हैं, तो यह उन्हें एक साथ विजुअलाइज करने में मदद करेगा.
Googlebooks को Android डिवाइस के साथ गहराई से जोड़ा गया है. यूजर्स अपने फोन के ऐप सीधे लैपटॉप पर चला सकेंगे.
उदाहरण के तौर पर, अगर आप लैपटॉप पर काम कर रहे हैं और फोन उठाए बिना कोई ऐप इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो यह फीचर काम आएगा. इसके अलावा फोन की फाइल्स भी सीधे लैपटॉप के फाइल मैनेजर में दिखाई देंगी, जिससे उन्हें देखना और इस्तेमाल करना आसान होगा.
Googlebooks में “Create your Widget” फीचर भी मिलेगा, जिसमें यूजर्स Gemini AI की मदद से कस्टम विजेट बना सकेंगे. यह फीचर Gmail और Calendar जैसे ऐप्स से डेटा लेकर एक पर्सनल डैशबोर्ड तैयार कर सकता है. जैसे अगर आप किसी ट्रिप की योजना बना रहे हैं, तो यह फ्लाइट, होटल और अन्य जानकारी एक जगह दिखा सकता है.
Googlebooks को Chromebook के उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा है. लगभग 15 साल पहले Google ने Chromebook लॉन्च किया था, जो स्कूल और ऑफिस में काफी लोकप्रिय हुआ. हालांकि, कंपनी ने साफ तौर पर नहीं कहा है कि Chromebook बंद हो जाएंगे, लेकिन संकेत मिल रहे हैं कि धीरे-धीरे यह नए प्लेटफॉर्म की ओर बढ़ रही है.
Google अब ChromeOS से आगे बढ़कर Android आधारित नए सिस्टम पर काम कर रहा है, जिसमें AI को केंद्र में रखा गया है.
यह कदम Microsoft के AI आधारित Copilot+ PCs को टक्कर देने के तौर पर भी देखा जा रहा है. Googlebooks सिर्फ एक नया लैपटॉप नहीं, बल्कि AI और Android आधारित इकोसिस्टम की शुरुआत है, जो आने वाले समय में लैपटॉप के इस्तेमाल को बदल सकता है.
यह भी पढ़ें: iPhone के सबसे पतले फोन मॉडल की कीमत में जबरदस्त गिरावट! हाथ से जाने न दें ये मौका, 24 हजार की मिल रही छूट