Gold Silver Prices Today (13 May 2026): पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता बढ़ा दी है, जिसका असर भारत में सोने की कीमतों पर भी दिखाई दे रहा है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से सोना खरीदने को लेकर की गई अपील के बाद बाजार में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने का रेट ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार 1,500 रुपये चढ़कर 1,56,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (टैक्स सहित) पहुंच गया।
वहीं, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर बुधवार सुबह 24 कैरेट सोने का वायदा भाव मामूली कमजोरी के साथ कारोबार करता दिखा। इसमें 25 रुपये यानी 0.02 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई और कीमत 1,53,417 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,53,442 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड भी दबाव में रहा और इसकी कीमत घटकर 4,692.64 डॉलर प्रति औंस रह गई।
गौरतलब है कि MCX पर 29 जनवरी 2026 को सोने का वायदा भाव अपने रिकॉर्ड स्तर 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था। वहीं इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक बुधवार सुबह सोने का रेट 1,51,632 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। दूसरी ओर गुडरिटर्न्स वेबसाइट के अनुसार 24 कैरेट गोल्ड की कीमत 1,54,130 रुपये प्रति 10 ग्राम रही।
एक दिन पहले यानी मंगलवार को रुपये में आई कमजोरी और भू-राजनीतिक तनाव के चलते घरेलू बाजार में सोने की मांग मजबूत बनी रही। ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने का भाव करीब 1 प्रतिशत बढ़ा था। इसके बाद कीमत 1,55,300 रुपये से बढ़कर 1,56,800 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। हालांकि विदेशी बाजार में हाजिर सोना 42.33 डॉलर यानी लगभग 1 प्रतिशत टूटकर 4,692.64 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
चांदी की कीमतों में भी पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण तेज हलचल देखने को मिल रही है। दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी का भाव 12,000 रुपये उछलकर 2,77,000 रुपये प्रति किलोग्राम (टैक्स सहित) पहुंच गया।
एमसीएक्स पर चांदी के वायदा भाव में बुधवार सुबह हल्की गिरावट दर्ज हुई। कीमत 711 रुपये यानी 0.26 फीसदी टूटकर 2,77,600 रुपये प्रति किलो रह गई। इससे पहले पिछले कारोबारी दिन चांदी 2,78,311 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट सिल्वर की कीमत भी घटकर 83.49 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।
इस साल 29 जनवरी को चांदी ने भी रिकॉर्ड ऊंचाई छुई थी, जब MCX पर इसका वायदा भाव 4,20,048 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया था। IBJA के मुताबिक बुधवार सुबह चांदी का रेट 2,64,867 रुपये प्रति किलो रहा। वहीं गुडरिटर्न्स के अनुसार चांदी का भाव बढ़कर 2,90,000 रुपये प्रति किलो पहुंच गया।
मंगलवार के कारोबार में भी चांदी में जबरदस्त तेजी देखने को मिली थी। डॉलर के मुकाबले रुपये में कमजोरी और वैश्विक तनाव के कारण घरेलू बाजार में इसकी कीमतों में 4.53 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार चांदी 2,65,000 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 2,77,000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई थी। हालांकि विदेशी बाजार में हाजिर चांदी 3.04 फीसदी गिरकर 83.49 डॉलर प्रति औंस रह गई।