Aadhaar से लेकर LPG और CNG तक, 1 जुलाई से बदल जाएंगे कई नियम, आपकी जेब पर भी पड़ेगा असर!

By

जुलाई 2026 की शुरुआत के साथ ही देशभर में कई अहम वित्तीय और रोजमर्रा की सेवाओं से जुड़े नियमों में बदलाव लागू होने जा रहे हैं। इनका असर करोड़ों लोगों के खर्च, बैंकिंग और जरूरी सेवाओं पर पड़ सकता है। आधार में ईमेल अपडेट की नई सुविधा, LPG की संभावित नई कीमतें, HDFC बैंक के क्रेडिट कार्ड नियम और जुलाई में बैंकों की छुट्टियां जैसे कई बदलाव अगले महीने से प्रभावी होंगे। आइए जानते हैं 1 जुलाई से क्या-क्या बदलने वाला है।

Aadhaar में ईमेल अपडेट अब मुफ्त

यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने घोषणा की है कि जुलाई 2026 से दिसंबर 2026 तक आधार कार्ड यूज़र्स अपना ईमेल अड्रेस बिना किसी शुल्क के अपडेट करा सकेंगे। अब तक इस सुविधा के लिए 75 रुपये का शुल्क देना पड़ता था। इस पहल का उद्देश्य लोगों को अपने आधार की जानकारी समय-समय पर अपडेट रखने के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि डिजिटल सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

LPG सिलेंडर की कीमतों में हो सकता है बदलाव

हर महीने की पहली तारीख को LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा की जाती है। ऐसे में 1 जुलाई को भी नई कीमतें लागू होने की संभावना है। जून में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत 53.50 रुपये बढ़ाई गई थी। इसके अलावा 5 किलोग्राम वाले LPG सिलेंडर के दाम भी बढ़े थे। हालांकि पिछले महीने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया था। अब उपभोक्ताओं की नजर जुलाई की नई कीमतों पर रहेगी।

CNG, PNG और ATF की नई कीमतें भी आ सकती हैं

जुलाई की शुरुआत में CNG, पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों की भी समीक्षा होने की उम्मीद है। इन ईंधनों के दाम समय-समय पर बदले जाते हैं। अगर कीमतों में बढ़ोतरी या कटौती होती है तो इसका असर परिवहन खर्च के साथ-साथ घरेलू बजट पर भी पड़ सकता है। जून में इन तीनों ईंधनों की कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी।

HDFC Bank Credit Card के नियम होंगे सख्त

HDFC Bank के Regalia Gold Credit Card इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए 1 जुलाई से एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस से जुड़ा नियम बदल जाएगा। नए नियम के तहत कार्डधारकों को अगले तिमाही में मुफ्त घरेलू एयरपोर्ट लाउंज सुविधा पाने के लिए मौजूदा तिमाही में कम से कम 60,000 रुपये का खर्च करना होगा। इस बदलाव का असर खासतौर पर उन ग्राहकों पर पड़ेगा जो इस कार्ड का इस्तेमाल खासतौर पर ट्रैवल बेनिफिट्स के लिए करते हैं।

जुलाई में 12 दिन बंद रह सकते हैं बैंक

जुलाई महीने में देशभर के बैंकों में लगभग 12 दिनों की छुट्टियां रहने की संभावना है। इनमें वीकेंड की छुट्टियों के अलावा अलग-अलग राज्यों के स्थानीय त्योहार और खास अवसरों की छुट्टियां भी शामिल हैं। बैंक की छुट्टियां हर राज्य में अलग-अलग हो सकती हैं, इसलिए ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि बैंक जाने से पहले अपने राज्य का छुट्टियों का कैलेंडर जरूर देख लें, ताकि किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

यह भी पढ़ें: चिलचिलाती गर्मी से बचने के लिए घर ले आएं 30 हज़ार से कम के ये दमदार स्प्लिट AC, गर्मी को रखते हैं कोसों दूर

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :
By