Federal Bureau of Investigation यानी FBI ने iPhone और Android यूजर्स के लिए एक चेतावनी जारी की है. FBI की इस चेतावनी में कहा गया है कि कुछ मोबाइल ऐप्स के जरिए यूजर्स का पर्सनल डेटा विदेशों में स्टोर किया जा सकता है. एजेंसी के मुताबिक, यह जोखिम उन यूजर्स तक सीमित नहीं है जिन्होंने ऐसे ऐप्स इंस्टॉल किए हैं, बल्कि उनके कॉन्टैक्ट्स भी इससे प्रभावित हो सकते हैं.
FBI ने बताया कि खासतौर पर विदेशी कंपनियों द्वारा बनाए गए ऐप्स, विशेषकर चीन से जुड़े प्लेटफॉर्म, यूजर की अनुमति मिलने के बाद बड़ी मात्रा में डेटा एक्सेस कर सकते हैं. इसमें केवल यूजर की जानकारी ही नहीं, बल्कि कॉन्टैक्ट लिस्ट में मौजूद लोगों की डिटेल भी शामिल हो सकती है.
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह चेतावनी उन लोकप्रिय ऐप्स पर भी लागू हो सकती है, जैसे Shein, CapCut, Temu और Lemon8, जो अमेरिका में काफी इस्तेमाल किए जाते हैं. हालांकि FBI ने किसी एक ऐप का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया है.
एजेंसी का कहना है कि ऐसे ऐप्स बैकग्राउंड में भी डेटा कलेक्ट कर सकते हैं, यानी ऐप का इस्तेमाल न होने पर भी यह यूजर की जानकारी जुटाते रह सकते हैं. इसमें लोकेशन, कॉन्टैक्ट्स, ईमेल आईडी, फोन नंबर और अन्य निजी जानकारी शामिल हो सकती है.
FBI ने यह भी बताया कि अगर किसी यूजर के दोस्त या परिवार का सदस्य ऐसे ऐप्स को कॉन्टैक्ट एक्सेस देता है, तो उन लोगों की जानकारी भी कलेक्ट की जा सकती है जिन्होंने खुद वह ऐप इंस्टॉल नहीं किया है. कुछ संकेत भी बताए गए हैं जिनसे यह समझा जा सकता है कि कोई ऐप जरूरत से ज्यादा डेटा एक्सेस कर रहा है. इनमें बैटरी का जल्दी खत्म होना, डेटा उपयोग का अचानक बढ़ना या अकाउंट में असामान्य गतिविधि शामिल है.
यूजर्स को सलाह दी गई है कि ऐप डाउनलोड करते समय सावधानी बरतें और केवल भरोसेमंद ऐप स्टोर्स से ही ऐप इंस्टॉल करें. साथ ही, ऐप को दी गई परमिशन की नियमित जांच करना भी जरूरी बताया गया है, ताकि अनावश्यक एक्सेस को रोका जा सके. इसके अलावा, थर्ड पार्टी वेबसाइट्स से ऐप डाउनलोड करने से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि इनमें मालवेयर हो सकता है जो यूजर के डेटा तक पहुंच बना सकता है.
यह भी पढ़ें: हैकर उड़ा सकता है आपका Instagram अकाउंट! आज ही तगड़ी कर लें सिक्योरिटी, हैक होने पर ऐसे मिलेगा वापस