किसी फर्जी जॉब ऑफर में फँसकर गँवा न देना गाढ़ी कमाई! जान लो सुरक्षित रहने के जबरदस्त उपाय

आज के डिजिटल युग में नौकरी तलाशना पहले से कहीं आसान हो गया है, लेकिन इसके साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले भी तेजी से बढ़े हैं। ठग अब बड़ी और प्रसिद्ध कंपनियों के नाम पर फर्जी जॉब ऑफर भेजकर लोगों से पैसे ठग रहे हैं। नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल ने ऑनलाइन जॉब फ्रॉड को एक आधिकारिक अपराध की श्रेणी में शामिल किया है, ताकि लोग इस खतरे को गंभीरता से लें। हाल के महीनों में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें लोगों से ट्रेनिंग, वीज़ा प्रोसेसिंग या बैकग्राउंड चेक के नाम पर पैसे ऐंठे गए हैं। कुछ मामलों में भारतीय कामगारों को विदेशों में झूठे वादों के जाल में फंसाया गया, जिससे साफ होता है कि अब सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
झांसे में न फंसे, सतर्क रहें!
फर्जी नौकरी के जाल को पहचानना सीखना भी उतना ही जरूरी है। अगर कोई ऑफर 'घर बैठे आसान काम' या 'भारी भरकर मोटी कमाई' जैसी लाइनें इस्तेमाल कर रहा है, तो सावधान हो जाएं। कोई भी भर्ती एजेंट अगर जल्दबाजी में पैसे मांग रहा है, चाहे ट्रेनिंग, इंटरव्यू या जॉब कन्फर्मेशन के नाम पर तो यह निश्चित रूप से धोखा है। किसी अंजान नंबर, ईमेल या व्हाट्सएप मैसेज से आपकी इंडिविजूअल या बैंकिंग जानकारी मांगी जा रही हो तो तुरंत सतर्क हो जाएं। 'रेफरल स्कीम' या दूसरों को जोड़कर पैसे कमाने का लालच भी धोखाधड़ी का हिस्सा हो सकता है। ठग असली जैसी दिखने वाली नकली वेबसाइटें बनाते हैं, जैसे fedx.com या fed-ex.com इन पर भरोसा न करें। मैसेज में भाषा की गलतियां, बड़े अक्षरों का अधिक प्रयोग या बार-बार लगे विस्मयादिबोधक चिन्ह (!) भी चेतावनी के संकेत हैं।
फर्जी जॉब ऑफर से बचने के उपाय
- फर्जी जॉब ऑफर से बचने का सबसे आसान तरीका है- 'रुको, सोचो, फिर एक्शन लो'!
- किसी भी अनजान सोर्स से आए जॉब ऑफर पर तुरंत विश्वास न करें।
- यह याद रखें कि असली कंपनियां नौकरी देने के लिए कभी पैसे नहीं मांगतीं।
- नौकरी की पुष्टि हमेशा कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या सोशल मीडिया चैनलों से ही करें।
- ईमेल एड्रेस को ध्यान से पढ़ें, क्योंकि एक छोटा सा स्पेलिंग मिस्टेक भी बड़े धोखे की निशानी हो सकता है।
- अपनी व्यक्तिगत या वित्तीय जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति या प्लेटफॉर्म को न दें।
- अगर विदेश से कोई नौकरी का ऑफर मिला है, तो पहले संबंधित भारतीय दूतावास या मान्यता प्राप्त एजेंट से उसकी जांच करवाएं।
क्यों होते हैं फर्जी भर्ती घोटाले?
फर्जी भर्ती घोटाले किसी हाई टेक्नॉलजी से नहीं, बल्कि आपकी लापरवाही और जल्दबाजी से होते हैं। ठग आपकी भरोसेमंदी का फायदा उठाकर जाल बुनते हैं। अगर आपको किसी नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी का शक हो या आप पहले ही इसका शिकार बन चुके हों, तो तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारी और अपडेट पाने के लिए सोशल मीडिया पर @CyberDost को फॉलो करें।
FedEx ने फर्जी भर्ती को लेकर क्या कहा?
फेडएक्स ने भी साफ किया है कि वह किसी भी भर्ती चरण में उम्मीदवारों से कोई शुल्क नहीं लेता। कंपनी डिजिटल अर्थव्यवस्था में नौकरी तलाशने वालों को सुरक्षित रखने के लिए साइबर जागरूकता प्रयासों को बढ़ावा दे रही है। इसलिए, किसी भी ऑफर पर भरोसा करने से पहले सोचें, जांचें, और फिर ही कदम उठाएं। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें!
