Apple ने फाइनली भारत में अपना एक और नया एप्पल स्टोर खोल दिया है, जिसका नाम Apple Koregaon Park रखा गया है. आज पुणे में इस स्टोर की शुरुआत की गई है, जो शहर का पहला और देश का चौथा एप्पल स्टोर है. इससे पहले एप्पल ने मुंबई में Apple BKC, दिल्ली में Apple Saket और बेंगलुरु में Apple Hebbal स्टोर खोले थे. गौरतलब है कि कंपनी ने इसी हफ्ते 2 सितंबर को बेंगलुरु का Hebbal स्टोर खोला था, जबकि मुंबई और दिल्ली के स्टोर 2023 में ही शुरू हो गए थे.
एप्पल ने प्रेस रिलीज़ में बताया कि पुणे का यह पहला स्टोर 4 सितंबर को दोपहर 1 बजे (IST) खुला. यहां ग्राहक एप्पल के सभी प्रोडक्ट्स खरीद सकेंगे, जिनमें iPhone 16 सीरीज़, MacBook, iPad, Apple Watch, AirPods और AirTag जैसे एक्सेसरीज़ शामिल हैं.
इस नए स्टोर में कुल 68 कर्मचारी काम कर रहे हैं, जो देशभर के 11 राज्यों से आए हैं. कंपनी के अनुसार, यह स्टोर भी बाकी एप्पल स्टोर्स की तरह 100% नवीकरणीय ऊर्जा पर चलता है और कार्बन-न्यूट्रल है.
‘एप्पल कोरेगांव पार्क’ स्टोर में ग्राहकों को पर्सनलाइज्ड सेटअप, iOS में स्विच करने के लिए स्टेप-बाय-स्टेप सहायता, Apple Trade In और फाइनेंसिंग ऑप्शंस जैसी सेवाएं दी जाएंगी. इसके अलावा, यहां एक Apple Pickup ज़ोन भी है, जिससे ग्राहक ऑनलाइन ऑर्डर को अपनी सुविधानुसार स्टोर से प्राप्त कर सकते हैं.
एप्पल ने बताया कि इस स्टोर पर रोजाना मुफ्त इन-स्टोर सेशन आयोजित किए जाएंगे. ये खासतौर पर स्टूडेंट्स, क्रिएटर्स और प्रोफेशनल्स के लिए डिजाइन किए गए हैं. इन सेशन्स को एप्पल क्रिएटिव्स गाइड करेंगे और परिवार, दोस्तों या टीमों के लिए ग्रुप बुकिंग की भी सुविधा होगी.
स्टोर के उद्घाटन को यादगार बनाने के लिए एप्पल ने ग्राहकों के लिए फ्री कस्टम वॉलपेपर उपलब्ध कराए हैं और पुणे के आर्टिस्ट्स को स्पॉटलाइट करते हुए एक स्पेशल Apple Music प्लेलिस्ट भी तैयार की है.