भारत सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने Android यूजर्स के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है. एजेंसी के मुताबिक Android के कई वर्जन में गंभीर खामियां पाई गई हैं, जिनका फायदा उठाकर हैकर्स डिवाइस पर कंट्रोल हासिल कर सकते हैं. यह खामियां Android 14, 15 और 16-QPR2 जैसे नए वर्जन तक में पाई गई हैं, जिससे यह खतरा और ज्यादा गंभीर हो जाता है.
CERT-In के अनुसार, Android सिस्टम के अलग-अलग हिस्सों में कई खामियां मिली हैं. इनमें Android Framework के साथ-साथ Google, NXP, STMicroelectronics और Thales जैसे कंपोनेंट्स शामिल हैं.
इस बार सबसे बड़ी चिंता “zero-click” या “no-click” अटैक को लेकर है. इसका मतलब है कि यूजर को किसी लिंक पर क्लिक करने या कोई ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होती. हैकर सिस्टम की खामी का फायदा उठाकर चुपचाप फोन में घुस सकते हैं. यानी अगर आप सावधानी भी रखते हैं, तब भी बिना अपडेट के डिवाइस जोखिम में रह सकता है.
यह समस्या उन सभी डिवाइस को प्रभावित कर सकती है जो Android 14, 15 और 16-QPR2 पर चल रहे हैं या जिनमें लेटेस्ट सिक्योरिटी अपडेट नहीं है. इसमें Vivo, OnePlus, iQOO, Xiaomi, Realme, Motorola, Samsung, Oppo और Pixel जैसे कई ब्रांड शामिल हैं.
Android का अलग-अलग कंपनियों में इस्तेमाल होने के कारण सभी डिवाइस को समय पर अपडेट नहीं मिलता, जिससे पुराने और बजट फोन ज्यादा खतरे में रहते हैं.
इस खतरे से बचने के लिए कुछ जरूरी कदम उठाने चाहिए. सबसे पहले अपने फोन को हमेशा लेटेस्ट सिक्योरिटी अपडेट पर रखें. ऐप्स सिर्फ भरोसेमंद सोर्स से ही डाउनलोड करें. इसके अलावा, फोन में मौजूद सिक्योरिटी फीचर्स और एंटीवायरस टूल्स का इस्तेमाल करना भी फायदेमंद हो सकता है. आज के समय में साइबर खतरे तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में लापरवाही करना सीधे तौर पर आपके डेटा और प्राइवेसी को जोखिम में डाल सकता है.
यह भी पढ़ें: OnePlus Nord 6 भारत में लॉन्च, 165Hz स्क्रीन और 9000mAh की बैटरी से लैस, जानें कीमत-ऑफर और फीचर्स