Android 17 का रोलआउट शुरू, जानिए क्या हैं नए फीचर्स और कैसे डाउनलोड करें अपडेट

By

Google ने आधिकारिक तौर पर अपने एलिजिबल Pixel स्मार्टफोन के लिए Android 17 का रोलआउट शुरू कर दिया है। हर बड़े Android अपडेट की तरह इस बार भी कंपनी इसे चरणबद्ध तरीके से रिलीज़ कर रही है। ऐसे में सभी यूजर्स को अपडेट एक साथ नहीं मिलेगा, कुछ लोगों को अपने डिवाइस पर अपडेट आने के लिए कुछ दिनों तक इंतजार करना पड़ सकता है। Google का कहना है कि Android 17 का उद्देश्य यूजर्स को बेहतर प्रोडक्टिविटी, एंटरटेनमेंट, सिक्योरिटी और सेफ्टी से जुड़ा अनुभव देना है।

फिलहाल Android 17 सबसे पहले Pixel स्मार्टफोन के लिए उपलब्ध कराया गया है। वहीं Samsung, OnePlus और Xiaomi जैसे अन्य स्मार्टफोन ब्रांड भी आने वाले महीनों में अपने Android 17 आधारित कस्टम यूजर इंटरफेस के अपडेट रिलीज़ कर सकते हैं।

Android 17 में क्या है नया?

Android 17 के साथ Google ने कई नए फीचर्स पेश किए हैं, जिनका मकसद मल्टीटास्किंग और यूजर एक्सपीरियंस को पहले से बेहतर बनाना है।

सबसे खास फीचर्स में से एक App Bubbles है। इसकी मदद से यूजर्स ऐप्स को छोटे फ्लोटिंग विंडो में चला सकेंगे। इससे किसी दूसरे ऐप पर जाने के लिए मौजूदा ऐप को पूरी तरह बंद या छोड़ने की जरूरत नहीं होगी और ऐप्स के बीच तेजी से स्विच किया जा सकेगा।

नए अपडेट में Screen Reactions फीचर भी शामिल किया गया है। यह फीचर स्क्रीन रिकॉर्डिंग के दौरान फ्रंट कैमरे की रिकॉर्डिंग भी साथ में करने की सुविधा देता है। इससे यूजर्स बिना किसी अतिरिक्त ऐप या एडिटिंग टूल के आसानी से रिएक्शन वीडियो बना सकेंगे।

फोल्डेबल स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वालों के लिए भी Android 17 में नया गेमिंग मोड जोड़ा गया है। इस मोड में स्क्रीन दो हिस्सों में बंट जाती है। ऊपर वाले हिस्से में गेम दिखाई देता है, जबकि नीचे की तरफ टच कंट्रोल्स उपलब्ध होते हैं, जिससे गेमिंग का अनुभव अधिक सुविधाजनक बनता है।

सिक्योरिटी और प्राइवेसी में भी हुए बड़े बदलाव

Android 17 में सुरक्षा और प्राइवेसी से जुड़े कई नए सुधार किए गए हैं। अब ऐप्स जरूरत पड़ने पर केवल एक बार के लिए अस्थायी लोकेशन एक्सेस मांग सकेंगे। इससे यूजर्स को अपनी लोकेशन शेयर करने पर ज्यादा नियंत्रण मिलेगा।

इसके अलावा Find Hub में मौजूद “Mark as Lost” फीचर को भी बेहतर बनाया गया है। अब खोए हुए डिवाइस को बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन के जरिए लॉक किया जा सकेगा। वहीं Google ने थ्रेट डिटेक्शन को भी मजबूत किया है और यूजर्स को PIN रीट्राई लिमिट नियंत्रित करने का विकल्प भी दिया है।

Android 17 कैसे करें डाउनलोड?

अगर आपका Pixel स्मार्टफोन Android 17 अपडेट के लिए इलिजिबल है, तो आप इसे मैन्युअली भी चेक कर सकते हैं। इसके लिए Settings में जाएं, फिर System विकल्प खोलें और उसके बाद System Update पर टैप करें। अगर आपके डिवाइस के लिए Android 17 उपलब्ध है, तो स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करके अपडेट डाउनलोड और इंस्टॉल किया जा सकता है।

किन स्मार्टफोन को मिलेगा Android 17?

Google के अनुसार Android 17 फिलहाल Pixel 6 और इसके बाद लॉन्च हुए सभी Pixel स्मार्टफोन के लिए उपलब्ध है। अगर आपके एलिजिबल Pixel डिवाइस पर अभी तक अपडेट दिखाई नहीं दे रहा है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। कंपनी इसे चरणबद्ध तरीके से रिलीज़ कर रही है, इसलिए आने वाले दिनों में यह अपडेट आपके डिवाइस पर भी उपलब्ध हो जाएगा।

यह भी पढ़ें: Realme P4R vs Vivo T4R vs Moto G67 Power: कैमरा, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :
By