क्राइम, कॉमेडी और सस्पेंस थ्रिलर तो आपने बहुत देखा होगा, लेकिन अगर बात की जाए सोशल ड्रामा की, तो उसकी अपने आप में ही एक अलग खासियत है. सोशल ड्रामा फ़िल्में और सीरीज सामाजिक मुद्दों और संघर्षों को उजागर करती हैं. अगर आप भी उनमें से एक हैं जो सोशल और फैमिली ड्रामा वाली फ़िल्में और सीरीज देखना पसंद करते हैं, तो यहां हम ख़ास आपके लिए एक ऐसी वेब सीरीज की जानकारी लेकर आए हैं, जिसने अपनी रियलिस्टिक कहानी से लोगों को अंदर तक झिंझोड़ कर रख दिया है.
यहां बात हो रही है करीब एक महीने पहले ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ हुई वेब सीरीज ‘चिरैया’ की, जिसने अभी तक ओटीटी पर टॉप 10 ट्रेंडिंग शोज़ में अपनी जगह बना रखी है. इस वेब सीरीज का निर्देशन शशांत शाह ने किया है. इसमें एक पारम्परिक भारतीय घराने के अंदर पितृ सत्ता, वैवाहिक सहमति और महिला सशक्तिकरण जैसे गंभीर मुद्दों को उठाया गया है, जो इसे एक रियलिस्टिक और इंटेंस कहानी बनाता है.
चिरैया एक सोशल ड्रामा सीरीज है जो कमलेश पर केंद्रित है. कमलेश एक जिम्मेदार और पारम्परिक बहु है जिसकी जिंदगी तब अचानक बदल जाती है जब उसकी देवरानी पूजा उसे बताती है कि वह वैवाहिक दुर्व्यवहार से गुज़र रही है. सीरीज का प्लॉट पितृसत्ता, चुपचाप सहन करना और सहमति के लिए लड़ने जैसे विषयों पर आधारित है.
चिरैया में दिव्या दत्ता, प्रसन्ना बिष्ट, सिद्धार्थ शॉ और संजय मिश्रा मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि सरिता जोशी, फैसल राशिद, टिन्नू आनंद और अंजुम सक्सेना को भी महत्वपूर्ण किरदार निभाते हुए देखा जा सकता है.
इस सीरीज को 20 मार्च को डिजिटल स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर रिलीज़ किया गया था और लोगों ने इसे इतना पसंद किया कि तभी से इसने टॉप 10 की लिस्ट में से अपनी जगह नहीं छोड़ी है. आज भी यह प्लेटफॉर्म पर 5वें नंबर पर ट्रेंड कर रही है. इस सीरीज में कुल 6 एपिसोड हैं और इसे IMDb पर 5.8 की रेटिंग मिली है.