साउथ सुपरस्टार थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म Jana Nayagan रिलीज से पहले ही पाइरेसी का शिकार हो गई है। लगभग 400–500 करोड़ रुपये के बड़े बजट में बनी इस फिल्म का हाई-डेफिनिशन वर्जन इंटरनेट पर लीक होने की खबर ने फिल्म इंडस्ट्री को एक बार फिर चिंता में डाल दिया है। शुरुआत में यह मामला एक छोटे लीक से जुड़ा हुआ था, लेकिन धीरे-धीरे यह एक बड़े संकट में बदल गया, जिससे फैंस भी हैरान हैं और फिल्म की टीम को भारी नुकसान की आशंका है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सबसे पहले करीब पांच मिनट की एक क्लिप सोशल मीडिया पर सामने आई। इस फुटेज में फिल्म के अहम हिस्से जैसे टाइटल सीक्वेंस, इंट्रोडक्शन और यहां तक कि क्लाइमैक्स के कुछ सीन भी शामिल बताए जा रहे हैं।
मेकर्स ने तुरंत इन क्लिप्स को हटाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। कुछ ही समय बाद पूरी फिल्म कथित तौर पर एचडी क्वालिटी में पाइरेसी वेबसाइट्स पर उपलब्ध हो गई।
लीक का स्रोत अभी तक सामने नहीं आया है, जिससे फिल्म की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। कंटेंट तेजी से फैलने के कारण इसे पूरी तरह रोकना मुश्किल हो गया है।
इसी बीच, फिल्म के डायरेक्टर H Vinoth का एक नोट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, “हर सीन में किसी न किसी का सपना छिपा होता है। रिलीज़ से पहले लीक होना वाकई दुखद है। कृपया इसे शेयर न करके अपना समर्थन दें।”
इस घटना के बाद फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स में काफी नाराजगी देखने को मिल रही है। कई लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है, जबकि कुछ ने फिल्म को जल्द से जल्द थिएटर में रिलीज करने की सलाह दी है।
लोगों का मानना है कि इस तरह की पाइरेसी से फिल्म की कमाई पर असर पड़ सकता है, इसलिए एंटी-पाइरेसी कानूनों को और सख्ती से लागू करने की जरूरत है।
फिल्म इंडस्ट्री से भी कई कलाकारों ने इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी। Sivakarthikeyan ने सोशल मीडिया पर लिखा, “हर फिल्म सैकड़ों लोगों के जुनून, खून-पसीने और मेहनत से बनती है – कृपया पायरेसी से बचें। कृपया इसके सिनेमाघरों में रिलीज होने का इंतजार करें और इसे सिनेमाघरों में ही देखें। इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। टैलेंट की इज़्ज़त करें। मेहनत की इज़्ज़त करें। इंडस्ट्री की इज़्ज़त करें।”
वहीं Vijay Deverakonda ने भी इस घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “#JanaNayagan के लीक होने पर मुझे गुस्सा है। मैंने अपने करियर की शुरुआत में ही इस तरह की घटना का दर्द और नुकसान महसूस किया है। आपको लगता है कि आप निशाने पर हैं, आपको उम्मीद का नुकसान महसूस होता है, यह सिर्फ मेरे बारे में नहीं है, इसमें को-एक्टर्स, डायरेक्टर्स, प्रोड्यूसर्स और कई अन्य लोग शामिल हैं जिनके सपने दांव पर लगे हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि इस मामले को जल्द सुलझाना जरूरी है और दोषियों की पहचान होनी चाहिए। ऐसा न होने पर यह एक “larger systemic failure” को दर्शाता है। साथ ही उन्होंने कहा कि यह लोगों की संवेदनहीनता को भी दिखाता है और फिल्म की टीम को अपना पूरा समर्थन दिया।
इस पूरे मामले ने एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री में पाइरेसी के खतरे को उजागर कर दिया है, जिससे बड़े प्रोजेक्ट्स पर गंभीर असर पड़ सकता है।