3 साल के लंबे ब्रेक के बाद आमिर खान ने इस साल अपनी फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ के जरिए बॉलीवुड में दमदार वापसी की. सिनेमाघरों में रिलीज होते ही यह फिल्म सुपरहिट साबित हुई और दर्शकों से इसे भरपूर सराहना मिली. हालांकि ओटीटी प्लेटफॉर्म्स की बढ़ती लोकप्रियता के बावजूद आमिर ने शुरुआत में इस फिल्म को किसी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज न करने का फैसला किया था.
आमिर खान ने अब खुद इस फिल्म की ओटीटी रिलीज की घोषणा कर दी है, लेकिन इसमें एक दिलचस्प ट्विस्ट जोड़ा गया है. फिल्म 1 अगस्त 2025 से आमिर खान के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल Aamir Khan Talkies पर ग्लोबली रिलीज की जाएगी. ये कदम डिजिटल रिलीज के क्षेत्र में एक नया ट्रेंड सेट करने जैसा है, जिसमें 2025 की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक को सीधे दर्शकों के घरों तक पहुंचाया जाएगा.
इस फिल्म को केवल यूट्यूब पर ही देखा जा सकेगा और इसे किसी भी अन्य ओटीटी प्लेटफॉर्म जैसे नेटफ्लिक्स, अमेज़न प्राइम या जियोहॉटस्टार पर रिलीज नहीं किया जाएगा. भारत में दर्शक इसे 100 रुपए में देख सकेंगे, जबकि अमेरिका, यूके, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, सिंगापुर, इंडोनेशिया, फिलीपींस और स्पेन समेत कुल 38 देशों में ये फिल्म स्थानीय कीमतों के अनुसार उपलब्ध होगी.
आमिर खान ने यूट्यूब को बतौर रिलीज प्लेटफॉर्म चुनकर एक अनोखा कदम उठाया है. यह फैसला इस सोच पर आधारित है कि हर व्यक्ति इस फिल्म का आनंद ले सके, चाहे वह किसी भी हिस्से में क्यों न हो. फिल्म में आमिर खान के साथ जेनेलिया देशमुख मुख्य भूमिका में हैं, साथ ही इसमें 10 ऐसे कलाकार शामिल हैं जो इंटेलेक्चुअल डिसएबिलिटी से जुड़े हैं. फिल्म को 7.1 की IMDb रेटिंग मिली है. इसका रनटाइम 2 घंटे 35 मिनट है.
सितारे जमीन पर ने थिएटर में बेहतरीन प्रदर्शन किया था. भारत में इस फिल्म ने लगभग 160 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया, जबकि वर्ल्डवाइड इसका बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 225 करोड़ रुपए से भी ज्यादा रहा. 90 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने शानदार मुनाफा कमाया और आमिर खान के करियर को फिर से नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया.