88 घंटे के संघर्ष की सच्ची कहानी दिखाती है ये 2-एपिसोड की सीरीज, IMDb पर 9.2 रेटिंग, इस ओटीटी पर मौजूद

By

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बारे में सुना तो सभी ने होगा, लेकिन इससे जुड़ा घटनाक्रम हर कोई नहीं जनता। तो अगर आप कम समय में इसे समझना चाहते हैं, तो हाल ही में आई एक डॉक्यू-सीरीज आपके लिए उपयोगी हो सकती है। इस सीरीज में अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव से लेकर 88 घंटे तक चले सैन्य संघर्ष तक की घटनाओं को दिखाया गया है। सीरीज को IMDb पर 9.2 की रेटिंग मिली है।

दो हिस्सों में दिखाई गई पूरी कहानी

यह डॉक्यू-सीरीज अप्रैल 2025 में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पैदा हुए हालात से शुरुआत करती है। इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव, सैन्य तैयारियों और 88 घंटे तक चले संघर्ष की घटनाओं को दो एपिसोड में पेश किया गया है। यह सीरीज Discovery Channel और Discovery+ के अलावा Amazon Prime Video पर भी स्ट्रीम की जा रही है।

किस नाम से उपलब्ध है डॉक्यू-सीरीज?

इस डॉक्यू-सीरीज का नाम ‘Declassified: Operation Sindoor’ है। यह Discovery की ‘Declassified’ फ्रेंचाइजी का हिस्सा है। इस फ्रेंचाइजी के जरिए देश से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं के पीछे की ऐसी जानकारियां सामने लाने की कोशिश की जाती है, जो आमतौर पर लोगों के सामने नहीं आतीं।

पहले एपिसोड में क्या देखने को मिलेगा?

पहले एपिसोड का नाम ‘The Greenlight’ है। इसमें पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की ओर से की गई तैयारियों और जुटाई गई खुफिया जानकारी पर फोकस किया गया है। इसके साथ ही सेना, नौसेना और वायुसेना की भूमिका और आगे की सैन्य कार्रवाई के लिए बनाई गई रणनीति को भी समझाया गया है। एपिसोड में यह दिखाने की कोशिश की गई है कि भारत ने संभावित जवाबी कार्रवाई के लिए किस तरह अपनी तैयारियों को आगे बढ़ाया।

दूसरे एपिसोड में ऑपरेशन सिंदूर पर फोकस

सीरीज का दूसरा भाग ‘Attack and Counterstrike’ नाम से है। इसमें 7 मई से शुरू हुए ऑपरेशन सिंदूर की घटनाओं को केंद्र में रखा गया है। भारत की जवाबी कार्रवाई से लेकर 10 मई को हुए युद्धविराम तक के घटनाक्रम को इस एपिसोड में कवर किया गया है।

यानी दोनों एपिसोड मिलकर पहलगाम हमले के बाद शुरू हुए घटनाक्रम, सैन्य तैयारियों, ऑपरेशन सिंदूर और युद्धविराम तक की कहानी पेश करते हैं।

सीरीज में कौन-कौन नजर आए?

‘Declassified: Operation Sindoor’ की सबसे अहम बात इसमें शामिल इंटरव्यू हैं। इस डॉक्यू-सीरीज में NSA अजीत डोभाल का पहला इंटरव्यू दिखाया गया है। इसके अलावा पूर्व CDS जनरल अनिल चौहान, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी और वायुसेना प्रमुख अमर प्रीत सिंह भी ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर अपनी जानकारी साझा करते दिखाई देते हैं।

यह भी पढ़ें: 27 अगस्त को लॉन्च होगा Samsung Galaxy S26 FE? सामने आई ऑफिशियल डेट, जानें संभावित फीचर्स और कीमत

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :
By