डिजिटल कंटेंट प्लेटफॉर्म The Viral Fever (TVF) अपनी दमदार और रियलिस्टिक कहानियों के लिए जाना जाता है. Panchayat, Gullak और Kota Factory जैसी सुपरहिट वेब सीरीज देने के बाद अब TVF की एक और लोकप्रिय सीरीज Aspirants अपने तीसरे सीज़न के साथ वापसी करने जा रही है. UPSC की तैयारी, संघर्ष और गहरी दोस्ती पर आधारित इस सीरीज को दर्शकों से जबरदस्त प्यार मिला है. IMDb पर इसे 9.1 की शानदार रेटिंग मिली हुई है, जो इसे कई लोकप्रिय वेब सीरीज से भी आगे खड़ा करती है.
सीरीज की कहानी अभिलाष, इसके, गुरी और धैर्य जैसे दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो UPSC परीक्षा के मुश्किल सफर से गुजरते हैं. इन किरदारों की दोस्ती, संघर्ष और सपनों ने खासतौर पर युवाओं के साथ गहरा जुड़ाव बनाया है. हाल ही में Prime Video ने आधिकारिक तौर पर इसके तीसरे सीज़न की घोषणा की है. शो जल्द ही स्ट्रीम होगा और दर्शकों को इसकी झलक देने के लिए आज इसका ट्रेलर भी रिलीज़ कर दिया गया है.
नए ट्रेलर में कहानी पहले से आगे बढ़ चुकी दिखाई देती है. इस बार दर्शकों को एक IAS अधिकारी की जिम्मेदारियों और चुनौतियों का सामना करते हुए दिखाया जाएगा। कहानी में सत्ता, सिस्टम और पुरानी दोस्तियों के बीच टकराव देखने को मिलेगा।
ट्रेलर रिलीज़ करते समय मेकर्स ने कैप्शन में लिखा, “पोस्टिंग मिलती है सिस्टम से… लेकिन रिश्तों का रिज़ल्ट मिलता है वक्त से”
इस सीज़न में संदीप भैया सीधे तौर पर DM अभिलाष के सामने खड़े नज़र आएंगे। साथ ही कहानी में कुछ नए किरदार भी शामिल किए गए हैं.
स्टार कास्ट की बात करें तो नवीन कस्तूरिया, शिवांकित सिंह परिहार, अभिलाष थपलियाल, सनी हिंदुजा, नमिता दुबे और तेनगाम सेलिन एक बार फिर अपने पुराने किरदारों में नज़र आएंगे। वहीं जतिन गोस्वामी इस सीज़न में नए सदस्य के रूप में शामिल हुए हैं. इस सीरीज को The Viral Fever ने बनाया है, जबकि निर्देशन दीपेश सुमित्रा जगदीश ने किया है.
Aspirants का तीसरा सीज़न 13 मार्च से प्राइम वीडियो पर एक्सक्लूसिव तौर पर स्ट्रीम होगा।
गौरतलब है की इस सीरीज का पहला सीज़न अप्रैल 2021 में आया था, जबकि दूसरा सीज़न अक्टूबर 2023 में रिलीज़ किया गया था. अब तीसरा सीज़न लगभग तीन साल बाद दर्शकों के सामने आ रहा है. पहले दो सीज़न को OTT दर्शकों से शानदार रिस्पॉन्स मिला था. ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा की तीसरा सीज़न भी दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है.
यह भी पढ़ें: Vivo V70 FE 5G की लॉन्चिंग होगी 9 मार्च..200MP का कैमरा और 7000mAh की बैटरी से होगा लैस