WhatsApp अपने यूजर्स की प्राइवेसी को और मजबूत बनाने की तैयारी कर रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी एक नए फीचर पर काम कर रही है, जिसकी मदद से यूजर्स टेक्स्ट मैसेज को भी View Once मोड में भेज सकेंगे. अगर यह फीचर लॉन्च होता है, तो भेजा गया मैसेज केवल एक बार देखा जा सकेगा और उसके बाद दोबारा एक्सेस नहीं किया जा सकेगा.
फिलहाल WhatsApp पर View Once फीचर सिर्फ फोटो, वीडियो और वॉयस मैसेज के लिए उपलब्ध है. लेकिन जल्द ही यह सुविधा टेक्स्ट मैसेज के लिए भी आ सकती है.
WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, यह फीचर WhatsApp Beta for Android 2.26.22.7 अपडेट में देखा गया है. हालांकि अभी यह फीचर डेवलपमेंट स्टेज में है और न तो आम यूजर्स और न ही बीटा टेस्टर्स के लिए उपलब्ध कराया गया है.
View Once WhatsApp का एक प्राइवेसी फीचर है, जो भेजी गई मीडिया फाइल्स को अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करता है. इस फीचर के साथ भेजी गई फोटो, वीडियो या ऑडियो फाइल को रिसीवर केवल एक बार देख सकता है. इसके अलावा ऐसी फाइल्स को सेव, फॉरवर्ड या स्क्रीनशॉट भी नहीं किया जा सकता. यही वजह है कि यह फीचर संवेदनशील जानकारी साझा करने के लिए काफी उपयोगी माना जाता है.
रिपोर्ट के मुताबिक, अगर View Once टेक्स्ट मैसेज फीचर लॉन्च होता है तो यूजर्स को मैसेज भेजते समय Send बटन को लंबा दबाना होगा. इसके बाद एक ड्रॉपडाउन मेन्यू खुलेगा, जिसमें कई विकल्प दिखाई देंगे. यहां “Send as View Once” विकल्प चुनकर मैसेज भेजा जा सकेगा. रिसीवर जब उस मैसेज को खोलेगा तो वह केवल एक बार दिखाई देगा. एक बार पढ़ने के बाद मैसेज दोबारा उपलब्ध नहीं रहेगा.
अगर यह फीचर आता है तो यूजर्स OTP, पासवर्ड, निजी जानकारी, बैंकिंग डिटेल्स या अन्य संवेदनशील डेटा ज्यादा सुरक्षित तरीके से भेज सकेंगे. इससे मैसेज का स्क्रीनशॉट, सेविंग या अनचाहा शेयरिंग रोकने में मदद मिल सकती है.
कुछ दिन पहले एक अन्य रिपोर्ट में दावा किया गया था कि WhatsApp “Spoiler Messages” नाम के फीचर पर भी काम कर रहा है. इस फीचर में भेजे गए मैसेज धुंधली लेयर के पीछे छिपे रहेंगे. रिसीवर को मैसेज पढ़ने के लिए उस पर टैप करना होगा.
यह फीचर भी संवेदनशील जानकारी साझा करने के लिए उपयोगी माना जा रहा है. उदाहरण के तौर पर OTP, मोबाइल नंबर, निजी जानकारी या किसी सरप्राइज से जुड़ी बात को छिपाकर भेजा जा सकेगा.
फिलहाल WhatsApp ने इस फीचर को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले इसे बीटा टेस्टर्स के लिए जारी किया जा सकता है. सफल परीक्षण के बाद यह फीचर सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: UPI ट्रांजैक्शन हो गया फेल लेकिन अकाउंट से कट गए पैसे? Paytm, PhonePe, GPay और BHIM पर ऐसे मिलेगा रिफंड