दुनिया की सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप्स में से एक WhatsApp लगातार नए फीचर्स और बेहतर सुरक्षा पर काम कर रही है. इसी दिशा में कंपनी अब अपने सिस्टम रिक्वायरमेंट्स को भी अपडेट करने जा रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, WhatsApp जल्द ही कुछ पुराने Android स्मार्टफोन्स पर काम करना बंद कर देगा.
नई जानकारी के अनुसार, 8 सितंबर 2026 से WhatsApp उन डिवाइसों को सपोर्ट नहीं करेगा जो Android 6.0 से पुराने ऑपरेटिंग सिस्टम पर चल रहे हैं. फिलहाल WhatsApp Android 5.0 और उससे ऊपर के वर्जन को सपोर्ट करता है, लेकिन आने वाले समय में ऐप की नई सुविधाओं और बेहतर परफॉर्मेंस के लिए कंपनी न्यूनतम सिस्टम आवश्यकता बढ़ाने जा रही है.
यदि आपका स्मार्टफोन Android 5.0 या Android 5.1 पर चल रहा है और उसे Android 6.0 या उससे ऊपर के वर्जन में अपडेट नहीं किया जा सकता, तो 8 सितंबर 2026 के बाद WhatsApp Messenger और WhatsApp Business दोनों काम करना बंद कर देंगे.
हालांकि प्रभावित यूजर्स की संख्या बहुत बड़ी नहीं मानी जा रही है, लेकिन भारत, ब्राजील, दक्षिण-पूर्व एशिया और अफ्रीका जैसे क्षेत्रों में अब भी बड़ी संख्या में लोग पुराने स्मार्टफोन्स का इस्तेमाल करते हैं. इनमें से कई डिवाइस अब आधिकारिक सॉफ्टवेयर अपडेट भी प्राप्त नहीं करते हैं.
रिपोर्ट के अनुसार, WhatsApp ने प्रभावित यूजर्स को पहले से सूचित करना शुरू कर दिया है. ऐप के अंदर नोटिफिकेशन दिखाए जा रहे हैं, जिनमें यूजर्स को अपने चैट बैकअप सुरक्षित रखने की सलाह दी जा रही है.
कंपनी का कहना है कि सपोर्ट खत्म होने से पहले यूजर्स अपने चैट्स का बैकअप Google Drive या लोकल स्टोरेज में सेव कर लें. इससे नया और समर्थित डिवाइस खरीदने पर पूरा डेटा आसानी से रिस्टोर किया जा सकेगा.
अगर आप भविष्य में भी WhatsApp का उपयोग करना चाहते हैं, तो आपके स्मार्टफोन में कम से कम Android 6.0 या उससे नया वर्जन होना जरूरी होगा.
अपने फोन का Android वर्जन चेक करने के लिए Settings में जाकर About Phone सेक्शन खोल सकते हैं. यदि डिवाइस में सॉफ्टवेयर अपडेट उपलब्ध है, तो उसे इंस्टॉल कर लेना चाहिए. यदि फोन को नया Android अपडेट नहीं मिलता है, तो WhatsApp का उपयोग जारी रखने के लिए नया स्मार्टफोन लेना ही एकमात्र विकल्प होगा.
यह बदलाव फिलहाल केवल Android डिवाइसों पर लागू होगा. iPhone यूजर्स को किसी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है. WhatsApp ने स्पष्ट किया है कि iOS 15.1 या उससे नए वर्जन पर चलने वाले iPhone और iPadOS 15.1 या उससे ऊपर वाले iPad पर ऐप सामान्य रूप से काम करता रहेगा.
इसी बीच WhatsApp एक और नए फीचर पर भी काम कर रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी Android यूजर्स के लिए Notification Bubble फीचर विकसित कर रही है.
यह फीचर कुछ हद तक Facebook Messenger के Chat Bubble फीचर जैसा होगा. इसके जरिए यूजर्स किसी अन्य ऐप का उपयोग करते समय भी मैसेज पढ़ और रिप्लाई कर सकेंगे.
फीचर अभी डेवलपमेंट स्टेज में है और फिलहाल बीटा टेस्टर्स के लिए भी उपलब्ध नहीं कराया गया है. हालांकि इसके आने से मल्टीटास्किंग पहले से अधिक आसान हो सकती है.
यह भी पढ़ें: UPI ट्रांजैक्शन हो गया फेल लेकिन अकाउंट से कट गए पैसे? Paytm, PhonePe, GPay और BHIM पर ऐसे मिलेगा रिफंड