बार-बार भर जा रहा है स्मार्टफोन का स्टोरेज? बस कर लें ये 5 काम, मेमोरी की नहीं रहेगी चिंता

HIGHLIGHTS

फोन की स्टोरेज फुल होने से परफॉर्मेंस पर पड़ता है असर

cache और बेकार ऐप्स हटाकर आसानी से खाली करें स्पेस

क्लाउड बैकअप से बिना डेटा खोए बढ़ाएं स्टोरेज

Smartphone Tips: आज के समय में स्मार्टफोन सिर्फ कॉलिंग तक सीमित नहीं रह गए हैं. फोटो, वीडियो, ऐप्स और डॉक्यूमेंट्स से भरे ये डिवाइस धीरे-धीरे स्टोरेज से भर जाते हैं. कंपनियां भले ही ज्यादा स्टोरेज दे रही हों, लेकिन लगातार इस्तेमाल के कारण मेमोरी जल्दी खत्म होना अब आम बात हो गई है.

जब फोन की स्टोरेज भर जाती है, तो उसका असर सीधे परफॉर्मेंस पर पड़ता है. फोन स्लो हो जाता है, अपडेट इंस्टॉल नहीं होते, नई फाइल डाउनलोड करने में दिक्कत आती है और कई बार फोटो या वीडियो लेना भी मुश्किल हो जाता है. अच्छी बात यह है कि आपको जरूरी डेटा डिलीट करने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान और समझदारी भरे तरीकों से आप स्टोरेज मैनेज कर सकते हैं और फोन को स्मूद चला सकते हैं.

बेकार ऐप्स हटाएं, फोन को दें राहत

अक्सर फोन में कई ऐसे ऐप्स होते हैं जिन्हें हम महीनों तक इस्तेमाल नहीं करते. ये ऐप्स बिना वजह स्टोरेज घेरते रहते हैं और डिवाइस को धीमा करते हैं. समय-समय पर अपने फोन में इंस्टॉल ऐप्स की जांच करें और जो काम के नहीं हैं उन्हें हटा दें. इससे न सिर्फ स्पेस खाली होगा, बल्कि फोन की स्पीड भी बेहतर होगी.

Cache क्लियर करना क्यों जरूरी है

ऐप्स अपनी स्पीड बढ़ाने के लिए cache डेटा स्टोर करते हैं, लेकिन समय के साथ यह डेटा काफी ज्यादा हो जाता है. Instagram और Google Chrome जैसे ऐप्स का cache क्लियर करने से काफी स्टोरेज खाली हो सकता है, और इसमें आपका जरूरी डेटा भी डिलीट नहीं होता.

डाउनलोड और डुप्लीकेट फाइल्स पर रखें नजर

फोन में डाउनलोड की गई फाइल्स अक्सर यूज के बाद भूल जाते हैं. इसके अलावा कई बार एक ही फोटो या वीडियो की कई कॉपी बन जाती है, जो बेकार में स्पेस घेरती है. Files by Google जैसे टूल्स की मदद से आप आसानी से डुप्लीकेट और अनावश्यक फाइल्स पहचानकर हटा सकते हैं.

फोटो और वीडियो को Cloud पर सेव करें

मीडिया फाइल्स सबसे ज्यादा स्टोरेज लेती हैं. ऐसे में उन्हें फोन में रखने के बजाय क्लाउड पर बैकअप लेना बेहतर विकल्प है. Google Photos या Apple iCloud जैसे प्लेटफॉर्म पर फोटो और वीडियो सेव करके आप फोन की मेमोरी खाली कर सकते हैं. बैकअप के बाद लोकल फाइल्स हटाना सुरक्षित रहता है.

WhatsApp मीडिया क्लियर करना न भूलें

WhatsApp पर आने वाले फोटो, वीडियो और GIF धीरे-धीरे काफी स्पेस ले लेते हैं. नियमित रूप से अनावश्यक मीडिया हटाना जरूरी है. साथ ही ऑटो-डाउनलोड बंद कर देने से बेकार फाइल्स अपने आप डाउनलोड नहीं होंगी और स्टोरेज बची रहेगी.

स्टोरेज मैनेजमेंट का सही तरीका

फोन की स्टोरेज को संभालना कोई एक बार का काम नहीं है. यह एक आदत है जिसे नियमित रूप से अपनाना जरूरी है. अगर आप समय-समय पर ऐप्स साफ करते हैं, cache हटाते हैं और क्लाउड का सही इस्तेमाल करते हैं, तो आपका फोन लंबे समय तक स्मूद चलेगा और आपको बार-बार “स्टोरेज-फुल” की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा.

यह भी पढ़ें: AC खरीदने का है प्लान? आ गया तगड़ा ऑफर, कौड़ियों के दाम में ले आइए घर, घर को बना देगा एकदम ठंडा

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है.

Connect On :