Jio, Airtel या Vi, आपके इलाके किसका नेटवर्क है सुपरफास्ट? अब सरकार देगी फुल डिटेल्स, स्पैम कॉल की भी कर सकेंगे शिकायत, देखें तरीका
TRAI ने 4 नवंबर 2026 को Network Anubhav प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है।
इस प्लेटफॉर्म पर अपने इलाके में मोबाइल और ब्रॉडबैंड नेटवर्क की परफॉर्मेंस देखी जा सकती है।
Network Anubhav के द्वारा ऑनलाइन DND सेटिंग्स मैनेज, अनचाही कॉल और SMS की शिकायत और स्टेटस देखा जा सकता है।

क्या आपके साथ कभी ऐसा हुआ है कि आपके घर में मोबाइल इंटरनेट ठीक से चलना बंद कर देता है, यह आपके नेटवर्क पर ही होता है, हालांकि, इसके अलावा आपके इलाके में अन्य नेटवर्क सही से काम कर रहे होते हैं। अब यह समस्या अजीब ही लगती है, लेकिन ऐसा कई बार होता है। हालांकि, अब ऐसा लग रहा है कि इस समस्या का निजात आपको मिल चुका है। असल में, Telecom Regulatory Authority of India यानी TRAI ने Network Anubhav नाम का एक नया ऑनलाइन प्लेटफॉर्म लॉन्च कर दिया है। इसकी मदद से आप अलग-अलग टेलीकॉम ऑपरेटर्स के नेटवर्क टेस्ट रिजल्ट रियल टाइम में देख सकते हैं। इतना ही नहीं, इस प्लेटफॉर्म पर अनचाही कॉल और SMS की शिकायत भी की जा सकती है। आइए जानते हैं कि Network Anubhav किस प्रकार से काम करता है और इसका फायदा यूजर्स को कैसे मिल सकता है।
क्या है TRAI का नया Network Anubhav प्लेटफॉर्म?
TRAI ने 4 नवंबर 2026 को Network Anubhav प्लेटफॉर्म को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। यह एक ऑनलाइन डैशबोर्ड है, जिस पर देश के अलग-अलग इलाकों से जुटाए गए मोबाइल और ब्रॉडबैंड नेटवर्क के टेस्ट रिजल्ट देखे जा सकते हैं। इसमें जानकारी TRAI के MySpeed और MyCall ऐप्स के साथ-साथ TRAI की नेटवर्क टेस्टिंग से जुटाई जाती है। इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य यूजर्स को यह समझने में मदद करना है कि किसी इलाके में अलग-अलग टेलीकॉम कंपनियों के नेटवर्क की परफॉर्मेंस कैसी है या कैसी रही है।
अब घर बैठे देख सकेंगे इंटरनेट की स्पीड
Network Anubhav पर यूजर्स को एक इंटरैक्टिव मैप मिलने वाला है। इसकी मदद से किसी भी शहर या इलाके में दर्ज नेटवर्क टेस्ट रिजल्ट देखे जा सकते हैं। आप यहां मोबाइल नेटवर्क और फिक्स्ड ब्रॉडबैंड के रिजल्ट अलग-अलग देख सकते हैं। इसके अलावा सर्विस प्रोवाइडर, नेटवर्क टेक्नोलॉजी और डाउनलोड-अपलोड स्पीड आदि को भी देखा जा सकता है। मैप को जूम करके किसी खास इलाके में मौजूद टेस्ट रिजल्ट को भी देखा जा सकता है। अगर आपको जरूरत है तो आप रिपोर्ट डाउनलोड भी कर सकते हैं।
कैसे पता चलेगा कितना फास्ट इंटरनेट आपको कौन सी कंपनी देती है?
इस प्लेटफॉर्म पर नेटवर्क स्पीड से जुड़े तीन तरह के आंकड़े दिखाई देते हैं। जिन्हें अलग अलग नंबर दिए गए हैं, इनके बारे में और नेटवर्क स्पीड के बारे में आपको आगे जानकारी मिलने वाली है।
अगर रिजल्ट में P50 नजर आता है तो यह मान लेना चाहिए कि आपके इलाके में इंटरनेट की स्पीड मीडियन है। P80 मोबाइल ब्रॉडबैंड से जुड़ा आंकड़ा है। इसमें 80 प्रतिशत टेस्ट ने दिखाई गई स्पीड या उससे ज्यादा स्पीड हासिल की है, इसकी जानकारी मिलती है। वहीं, P90 फिक्स्ड ब्रॉडबैंड के लिए है, जिसमें 90 प्रतिशत टेस्ट निर्धारित स्पीड या उससे ऊपर रहे।
TRAI ने स्पष्ट किया है कि यह आंकड़े किसी नेटवर्क की पूरी गुणवत्ता का अंतिम आकलन नहीं हैं। इनसे केवल उस इलाके में हुई टेस्टिंग का अंदाजा मिलता है।
स्पैम कॉल और SMS की शिकायत भी कर सकेंगे
Network Anubhav की एक उपयोगी सुविधा Do Not Disturb यानी DND से जुड़ी है। अब यूजर्स वेब इंटरफेस के जरिए प्रमोशनल कॉल और मैसेज की अपनी पसंद तय कर सकते हैं। इसके अलावा अनचाही कमर्शियल कॉल और SMS की शिकायत दर्ज करने की सुविधा भी मिलती है। अगर आपने पहले कोई शिकायत की है, तो उसका स्टेटस भी देखा जा सकता है।
Network Anubhav का इस्तेमाल कैसे करें?
- इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने के लिए TRAI की आधिकारिक वेबसाइट anubhav.trai.gov.in पर जाएँ।
- यहां MySpeed, MyCall और DND जैसे ऑप्शन आपको नजर आने वाले हैं। यहीं से संबंधित ऑप्शन को चुने।
- अगर आप नेटवर्क स्पीड देखना चाहते हैं, तो MySpeed डैशबोर्ड खोलकर अपना इलाका और नेटवर्क से जुड़े फिल्टर लगाए जा सकते हैं।
- अगर आप अपने इंटरनेट कनेक्शन की स्पीड टेस्ट का रिजल्ट देखना चाहते हैं तो आपको MySpeed टेस्टिंग सुविधा इस्तेमाल करना चाहिए।
- DND से जुड़ी सुविधा इस्तेमाल करने के लिए संबंधित सेक्शन में जाकर अपना टेलीकॉम ऑपरेटर और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा।


