अगर आपका बजट 200 रुपये से कम है और आप ऐसा मोबाइल रिचार्ज प्लान ढूंढ रहे हैं जिसमें कॉलिंग, इंटरनेट और कुछ अतिरिक्त बेनिफिट्स भी मिल जाएं, तो Jio, Airtel और Vodafone Idea (Vi) तीनों ही टेलीकॉम कंपनियों के पास इस कीमत में विकल्प मौजूद हैं। लेकिन सवाल यह है कि इनमें सबसे बेहतर प्लान किसका है? हमने तीनों कंपनियों के 200 रुपये से कम वाले उन प्लान्स की तुलना की है, जिनमें अनलिमिटेड कॉलिंग के साथ डेटा और अन्य सुविधाएं मिलती हैं।
Jio इस बजट में 198 रुपये का एक प्लान ऑफर करता है। इसमें ग्राहकों को प्रतिदिन 2GB डेटा के साथ Unlimited 5G का लाभ मिलता है। इसके अलावा अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और रोजाना 100 SMS भी दिए जाते हैं। इस प्लान की वैलिडिटी 14 दिनों की है। अतिरिक्त फायदों के तौर पर इसमें JioTV और JioAICloud का एक्सेस भी शामिल है।
वोडाफोन आइडिया की ओर से 199 रुपये का प्लान उपलब्ध है, जिसमें अनलिमिटेड कॉलिंग की सुविधा मिलती है। हालांकि डेटा के मामले में यहां कुल 2GB इंटरनेट डेटा दिया जाता है और पूरे प्लान के दौरान सिर्फ 300 SMS मिलते हैं। इस प्लान की वैलिडिटी 28 दिनों की है। अतिरिक्त बेनिफिट के तौर पर यूजर्स को Vi Movies & TV का एक्सेस भी मिलता है।
भारती एयरटेल भी 199 रुपये में एक प्रीपेड प्लान ऑफर करता है। इसमें 28 दिनों की वैलिडिटी के साथ कुल 2GB डेटा मिलता है। कॉलिंग के लिए यूजर्स को अनलिमिटेड लोकल, STD और रोमिंग कॉल्स की सुविधा दी जाती है। साथ ही हर दिन 100 SMS भी मिलते हैं।
अतिरिक्त सुविधाओं की बात करें तो Airtel इस प्लान में Adobe Express Premium, फ्री HelloTunes और Airtel Xstream Play का एक्सेस देता है। Xstream Play के जरिए SonyLiv, Amazon MX Player, Chana Jor और Runn TV जैसे प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध फ्री कंटेंट देखा जा सकता है।
सबसे अच्छा प्लान इस बात पर निर्भर करता है कि आपकी जरूरत क्या है। अगर आपकी प्राथमिकता लंबी वैलिडिटी के साथ अनलिमिटेड कॉलिंग है और आपको ज्यादा इंटरनेट डेटा की जरूरत नहीं पड़ती, तो Airtel का प्लान बेहतर विकल्प माना जा सकता है।
Vi और Airtel के प्लान में डेटा की मात्रा समान है क्योंकि दोनों में कुल 2GB डेटा मिलता है। हालांकि SMS के मामले में Airtel आगे निकल जाता है। Airtel रोजाना 100 SMS देता है, यानी 28 दिनों में करीब 3,000 SMS का फायदा मिलता है, जबकि Vi पूरे प्लान में केवल 300 SMS ही उपलब्ध कराता है। इसके अलावा Adobe Express Premium, HelloTunes और Airtel Xstream Play जैसी अतिरिक्त सुविधाएं भी Airtel को Vi पर बढ़त दिलाती हैं।
वहीं अगर आप ज्यादा इंटरनेट इस्तेमाल करते हैं और 14 दिन बाद दोबारा रिचार्ज कराने में कोई परेशानी नहीं है, तो Jio का 198 रुपये वाला प्लान बेहतर साबित हो सकता है।
यह भी पढ़ें; iPhone Air की कीमत में अब तक की सबसे बड़ी कटौती, पहली बार मिल रहा इतना सस्ता, खरीदना चाहिए या नहीं?