अल्ट्रा फ्लैगशिप स्मार्टफोन सेगमेंट में मुकाबला लगातार तेज होता जा रहा है। हाल ही में Vivo ने भारत में Vivo X300 Ultra को X300 FE के साथ लॉन्च किया है, जिसके बाद इसकी तुलना प्रीमियम सेगमेंट के दूसरे स्मार्टफोन्स से शुरू हो गई है। 1,59,999 रुपये की कीमत वाला यह स्मार्टफोन सीधे iPhone 17 Pro Max, Xiaomi 17 Ultra और Samsung Galaxy S26 Ultra को चुनौती देता है। दोनों फोन्स फ्लैगशिप हार्डवेयर, प्रीमियम कैमरा और हाई-एंड डिस्प्ले के साथ आते हैं, लेकिन दोनों कंपनियों की रणनीति काफी अलग दिखाई देती है। आइए जानते हैं Samsung Galaxy S26 Ultra और Vivo X300 Ultra में क्या अंतर है।
Samsung ने Galaxy S26 Ultra में 6.9 इंच का Dynamic LTPO AMOLED 2X डिस्प्ले दिया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 2600 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करता है। फोन में गोरिल्ला आर्मर 2 प्रोटेक्शन, एंटी-रिफ्लेक्टिव कोटिंग और प्राइवेसी डिस्प्ले टेक्नोलॉजी भी मिलती है।
वहीं, Vivo का X300 Ultra थोड़ा छोटा 6.82 इंच LTPO AMOLED पैनल के साथ आता है, लेकिन इसमें 144Hz रिफ्रेश रेट, डॉल्बी विज़न सपोर्ट और 2160Hz PWM डिमिंग दी गई है। कंपनी का दावा है कि फोन Ultra HDR और ज्यादा बेहतर कलर आउटपुट देता है।
डिजाइन की बात करें तो Samsung का फोन पतला और हल्का है, जिसका वजन 214 ग्राम है। दूसरी ओर Vivo X300 Ultra अपने बड़े कैमरा मॉड्यूल और बड़ी बैटरी की वजह से ज्यादा भारी महसूस होता है।
Samsung ने अपने पारंपरिक क्वाड कैमरा सेटअप को बरकरार रखा है। Galaxy S26 Ultra में 200MP का प्राइमरी सेंसर मिलता है, जिसके साथ 3x और 5x ऑप्टिकल जूम वाले दो टेलीफोटो लेंस और 50MP का अल्ट्रावाइड सेंसर दिया गया है। इसके अलावा फोन में Best Face, Horizon Lock और Super Steady Video जैसे फीचर्स भी मौजूद हैं।
दूसरी तरफ Vivo X300 Ultra को खासतौर पर कैमरा-केंद्रित स्मार्टफोन के तौर पर पेश किया गया है। इसमें डुअल 200MP सेंसर दिए गए हैं, जिनमें एक बड़ा पेरिस्कोप टेलीफोटो लेंस शामिल है। फोन में Zeiss ऑप्टिक्स के साथ ऑप्शनल एक्सटर्नल जूम लेंस सपोर्ट भी मिलता है।
Vivo के कैमरा सिस्टम में डॉल्बी विज़न HDR रिकॉर्डिंग, 10-बिट Log वीडियो और Zeiss T कोटिंग जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं, जो रिफ्लेक्शन कम करने में मदद करती हैं।
सेल्फी कैमरे की बात करें तो Vivo यहां बढ़त बनाता दिखता है। X300 Ultra में 50MP का ऑटोफोकस फ्रंट कैमरा मिलता है, जबकि Samsung ने 12MP का सेल्फी कैमरा दिया है।
दोनों स्मार्टफोन Qualcomm के Snapdragon 8 Elite Gen 5 चिपसेट पर काम करते हैं। हालांकि सॉफ्टवेयर अपडेट के मामले में Samsung आगे दिखाई देता है। Galaxy S26 Ultra में One UI 8.5 मिलता है और कंपनी सात बड़े Android अपडेट देने का वादा कर रही है। फिलहाल Vivo इतनी लंबी अपडेट पॉलिसी ऑफर नहीं करता।
बैटरी क्षमता की बात करें तो Vivo का पलड़ा भारी नजर आता है। Vivo X300 Ultra में 6600mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जबकि Galaxy S26 Ultra में 5000mAh की बैटरी मिलती है।
Vivo X300 Ultra की कीमत भारत में 16GB RAM और 512GB स्टोरेज वेरिएंट के लिए 1,59,999 रुपये रखी गई है। यह स्मार्टफोन एक्लिप्स ब्लैक और विक्टरी ग्रीन रंगों में उपलब्ध है।
वहीं Samsung Galaxy S26 Ultra की शुरुआती कीमत 12GB RAM और 256GB स्टोरेज वेरिएंट के लिए 1,30,999 रुपये है। यह स्मार्टफोन कोबाल्ट वायलेट, स्काई ब्लू, ब्लैक और व्हाइट कलर ऑप्शंस में आता है।