Vivo V80 Lite 5G को पाकिस्तान में लॉन्च कर दिया गया है और यह फोन भारत में इसी महीने लॉन्च हुए Vivo S2 से काफी मिलता-जुलता है। दूसरी ओर, Motorola Edge 70 Pro+ भारत में कंपनी के प्रीमियम मिड-रेंज स्मार्टफोन के तौर पर उपलब्ध है। दोनों फोन में AMOLED डिस्प्ले, 5G कनेक्टिविटी और बड़ी बैटरी जैसे फीचर्स मिलते हैं, लेकिन कई मामले में दोनों के बीच काफी अंतर है। आइए जानते हैं Vivo V80 Lite और Motorola Edge 70 Pro+ की तुलना में कौन सा फोन किस मामले में आगे है।
Vivo V80 Lite 5G में कर्व्ड-एज डिजाइन दिया गया है। फोन के फ्रंट पर कर्व्ड ग्लास प्रोटेक्शन और पीछे पॉलीकार्बोनेट पैनल मिलता है। इसकी मोटाई 7.99mm और वजन 197 ग्राम है, जबकि Silk White वेरिएंट का वजन 199 ग्राम है। फोन को IP68 और IP69 रेटिंग भी मिली है। यह Sapphire Blue और Silk White कलर में आता है। डिस्प्ले की बात करें तो Vivo V80 Lite 5G में 6.83-इंच का 120Hz AMOLED पैनल है। इसका रेजॉल्यूशन 2,800×1,260 पिक्सल और पिक्सल डेंसिटी 449ppi है। कंपनी के अनुसार, डिस्प्ले की लोकल पीक ब्राइटनेस 3,000 निट्स तक है।
Motorola Edge 70 Pro+ में इससे थोड़ा छोटा 6.8-इंच 1.5K Extreme AMOLED डिस्प्ले दिया गया है। इसका रेजॉल्यूशन 1,272×2,772 पिक्सल, 450ppi पिक्सल डेंसिटी और 144Hz रिफ्रेश रेट है। स्क्रीन 100 प्रतिशत DCI-P3 कलर गैमट, HDR10+ और 5,200 निट्स तक पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करती है। इसमें 360Hz टच सैंपलिंग रेट और Water Touch फीचर भी है। मोटोरोला के फोन को IP68 और IP69 रेटिंग के साथ MIL-STD-810H सर्टिफिकेशन भी मिला है। इसका वजन करीब 190 ग्राम और मोटाई सिर्फ 7.19mm है।
Vivo V80 Lite 5G में 4nm MediaTek Dimensity 7360-Turbo प्रोसेसर दिया गया है। इसका अधिकतम क्लॉक स्पीड 2.5GHz है। फोन में 8GB LPDDR4X RAM और 128GB या 256GB UFS 3.1 स्टोरेज का विकल्प मिलता है।
Motorola Edge 70 Pro+ में ज्यादा दमदार 4nm MediaTek Dimensity 8500 Extreme चिपसेट दिया गया है, जिसकी पीक क्लॉक स्पीड 3.4GHz है। कंपनी का दावा है कि फोन AnTuTu पर 24 लाख से ज्यादा स्कोर कर सकता है। इसमें 12GB LPDDR5x RAM और 256GB UFS 4.1 स्टोरेज मिलता है। यह Android 16-बेस्ड Hello UI पर चलता है।
Vivo V80 Lite 5G में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें 50-मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा और 2-मेगापिक्सल का डेप्थ कैमरा शामिल है। सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए फोन में 32-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है।
इसके मुकाबले Motorola Edge 70 Pro+ में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप है। इसमें OIS के साथ 50-मेगापिक्सल का Sony LYT-710 प्राइमरी सेंसर, 50-मेगापिक्सल का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा और 50-मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड कैमरा मिलता है। पेरिस्कोप कैमरा 3x ऑप्टिकल जूम और 50x डिजिटल जूम सपोर्ट करता है। Motorola के फोन में 50-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा भी है, जो ऑटोफोकस सपोर्ट करता है। यह फोन 4K/60fps तक वीडियो रिकॉर्डिंग कर सकता है।
Vivo V80 Lite 5G में 7,050mAh की बड़ी Li-ion बैटरी दी गई है। इसे 44W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है और बॉक्स में चार्जर भी दिया जाता है।
Motorola Edge 70 Pro+ में 6,500mAh की बैटरी है। हालांकि इसकी बैटरी Vivo से छोटी है, लेकिन चार्जिंग के मामले में यह काफी आगे है। इसमें 90W वायर्ड और 15W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट मिलता है। इसके अलावा 5W वायर्ड और वायरलेस रिवर्स चार्जिंग भी दी गई है।
Vivo V80 Lite 5G को फिलहाल पाकिस्तान में लॉन्च किया गया है। इसकी कीमत 8GB+128GB वेरिएंट के लिए PKR 1,24,999 यानी करीब 43,000 रुपये और 8GB+256GB मॉडल के लिए PKR 1,45,999 यानी करीब 50,000 रुपये है। भारत में फोन की आधिकारिक कीमत और उपलब्धता की घोषणा अभी नहीं हुई है।
वहीं, Motorola Edge 70 Pro+ भारत में 47,999 रुपये की कीमत पर 12GB RAM और 256GB स्टोरेज वाले सिंगल वेरिएंट में उपलब्ध है। इसे Pantone Chicory Coffee, Pantone Stormy Sea और Pantone Zinfandel कलर में खरीदा जा सकता है।
अगर Vivo V80 Lite 5G भारत में पाकिस्तान जैसी कीमत पर आता है, तो यह बड़ी बैटरी और कर्व्ड AMOLED डिस्प्ले के कारण एक दिलचस्प विकल्प हो सकता है। हालांकि, फ़िलहाल स्पेसिफिकेशन के आधार पर Motorola Edge 70 Pro+ प्रोसेसर, कैमरा, डिस्प्ले और चार्जिंग के मामले में ज्यादा प्रीमियम पैकेज पेश करता है।
यह भी पढ़ें: Vivo T5 Lite, T4 Lite और T5x एक बार फिर हुए महंगे? आसमान छू रहे सस्ते फोन्स के नए दाम, देखें