Vivo S2 Vs Nothing Phone 4a: डिज़ाइन, डिस्प्ले, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना

By

नया लॉन्च हुआ Vivo S2 और मार्च में आया Nothing Phone 4a भारतीय प्रीमियम मिड-रेंज स्मार्टफोन सेगमेंट में आमने-सामने हैं। दोनों ही फोन लगभग एक जैसी कीमत पर आते हैं, लेकिन फीचर्स और अनुभव के मामले में इनकी प्राथमिकताएं अलग हैं। Vivo S2 बड़ी बैटरी और AMOLED डिस्प्ले पर जोर देता है, जबकि Nothing Phone 4a कैमरा सेटअप और ज्यादा ब्राइट डिस्प्ले के साथ आता है। अगर आप इन दोनों में से किसी एक को खरीदने की सोच रहे हैं, तो आइए जानते हैं इनके बीच क्या अंतर है।

Vivo S2 Vs Nothing Phone 4a

डिज़ाइन और डिस्प्ले

Vivo S2 में 6.83 इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 3,000 निट्स तक की लोकल पीक ब्राइटनेस के साथ आता है। इसमें इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर भी मिलता है। फोन IP68 और IP69 रेटिंग के साथ आता है, जिससे यह धूल और पानी से बेहतर सुरक्षा देता है।

वहीं Nothing Phone 4a में 6.78 इंच का AMOLED डिस्प्ले मिलता है। यह भी 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है, लेकिन इसकी पीक ब्राइटनेस 4,500 निट्स तक जाती है। डिस्प्ले पर Corning Gorilla Glass प्रोटेक्शन भी दिया गया है। डिजाइन की बात करें तो Nothing Phone 4a अपनी अलग पहचान वाले ट्रांसपेरेंट लुक और Glyph इंटरफेस की वजह से बाकी स्मार्टफोन्स से अलग नजर आता है।

प्रोसेसर और सॉफ्टवेयर

Vivo S2 में MediaTek Dimensity 7360 Turbo प्रोसेसर दिया गया है। यह फोन Android 16 आधारित OriginOS 6 पर चलता है। इसमें 8GB LPDDR4X रैम और 256GB तक UFS 3.1 स्टोरेज का विकल्प मिलता है। साथ ही एक्सटेंडेड रैम फीचर का भी सपोर्ट दिया गया है।

Nothing Phone 4a में Qualcomm Snapdragon 7s Gen 4 चिपसेट मिलता है। यह Android 16 आधारित Nothing OS 4.1 पर काम करता है। फोन में UFS 3.1 स्टोरेज के साथ 12GB तक रैम का विकल्प मिलता है। दोनों स्मार्टफोन तीन बड़े Android अपडेट मिलने का वादा करते हैं।

कैमरा में किसका दबदबा?

कैमरे के मामले में दोनों फोन अलग-अलग अनुभव देते हैं। Vivo S2 में 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा और 2 मेगापिक्सल का सेकेंडरी सेंसर दिया गया है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है। खास बात यह है कि फोन के फ्रंट और रियर दोनों कैमरे 4K वीडियो रिकॉर्डिंग को सपोर्ट करते हैं।

दूसरी ओर Nothing Phone 4a में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मिलता है। इसमें 50 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा, 50 मेगापिक्सल का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा और 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड कैमरा शामिल है। सेल्फी के लिए इसमें भी 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। कैमरा हार्डवेयर के लिहाज से Nothing Phone 4a ज्यादा बहुमुखी विकल्प नजर आता है।

बैटरी और चार्जिंग

Vivo S2 में 7,050mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 44W फास्ट चार्जिंग के साथ आती है। इसके अलावा फोन में रिवर्स चार्जिंग और बायपास चार्जिंग जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।

Nothing Phone 4a में 5,400mAh की बैटरी दी गई है। यह 50W वायर्ड फास्ट चार्जिंग और 7.5W रिवर्स वायर्ड चार्जिंग को सपोर्ट करता है। यदि लंबी बैटरी लाइफ आपकी प्राथमिकता है तो Vivo S2 इस मामले में आगे दिखाई देता है।

भारत में कीमत

भारत में Vivo S2 की शुरुआती कीमत 8GB + 128GB वेरिएंट के लिए 39,999 रुपये रखी गई है। इसका 8GB + 256GB मॉडल 44,999 रुपये में उपलब्ध है।

वहीं Nothing Phone 4a का 8GB + 256GB वेरिएंट फिलहाल Amazon पर 38,199 रुपये की कीमत में उपलब्ध है। ऐसे में Nothing Phone 4a कम कीमत में ज्यादा रैम विकल्प और बेहतर कैमरा सिस्टम के साथ आता है, जबकि Vivo S2 बड़ी बैटरी और मजबूत डिस्प्ले अनुभव देने की कोशिश करता है।

यह भी पढ़ें: Samsung के Bespoke AI Fest में मिल रहा बंपर ऑफर, AI अप्लायंसेज़ पर 19000 से ज्यादा की बचत

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :
By