अगर आपके स्मार्टफोन का स्पीकर अचानक धीमा, दबा-दबा या खराब आवाज देने लगा है, तो जरूरी नहीं कि फोन खराब हो गया हो. एक्सपर्ट्स का कहना है कि ज्यादातर मामलों में इसकी असली वजह धूल, जेब की रूई, मिट्टी या नमी होती है, जो धीरे-धीरे स्पीकर ग्रिल में जमा हो जाती है.
अच्छी बात यह है कि यह समस्या कई बार घर बैठे सिर्फ कुछ मिनटों में ठीक की जा सकती है और इसके लिए महंगे रिपेयर की जरूरत भी नहीं पड़ती.
Smartphone को लोग रोज जेब, बैग और धूल वाली जगहों पर लेकर चलते हैं. समय के साथ छोटे-छोटे धूल के कण, त्वचा का तेल और गंदगी स्पीकर के छोटे छेदों में फंस जाते हैं. जब ऐसा होता है, तब आवाज साफ बाहर नहीं निकल पाती. इस वजह से कॉल, वीडियो, गाने और Voice Notes की आवाज पहले से कम सुनाई देने लगती है.
Water Resistant फोन भी इस समस्या से पूरी तरह सुरक्षित नहीं होते. पसीना, बाथरूम की भाप, हल्की बारिश या नमी भी स्पीकर जाली के अंदर फंस सकती है. इससे कुछ समय के लिए आवाज दब सकती है या स्पीकर मफल्ड सुनाई दे सकता है.
एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि सफाई शुरू करने से पहले फोन को बंद कर दें. इसके बाद मुलायम और सूखे टूथब्रश, पेंट ब्रश या माइक्रोफाइबर ब्रश से धीरे-धीरे स्पीकर ग्रिल साफ करें. ध्यान रखें कि पिन, सुई या किसी धातु की नुकीली चीज का इस्तेमाल बिल्कुल न करें. ऐसी चीजें स्पीकर की जाली को नुकसान पहुंचा सकती हैं.
कई लोग स्पीकर में सीधे मुंह से हवा फूंकते हैं, लेकिन ऑनलाइन रिपेयर कम्युनिटी के मुताबिक ऐसा करना नुकसानदायक हो सकता है. इससे नमी अंदर चली जाती है और समस्या और बढ़ सकती है. अगर धूल ज्यादा अंदर फंसी हो, तो कम प्रेशर वाली Compressed Air का इस्तेमाल सुरक्षित दूरी से किया जा सकता है. कुछ एक्सपर्ट्स Reusable Adhesive Putty या टेप की मदद से भी गंदगी निकालने की सलाह देते हैं.
कई बार असली समस्या स्पीकर में नहीं बल्कि फोन की सेटिंग्स में होती है. Bluetooth कनेक्शन, ऐप गड़बड़ी, Equaliser सेटिंग या “Do Not Disturb” मोड भी आवाज कम कर सकता है. ऐसे में फोन को Restart करके और Sound Settings चेक करके भी समस्या ठीक हो सकती है.
यह भी पढ़ें: रिस्क पर Android फोन की सिक्योरिटी, क्या आपको इस्तेमाल करना चाहिए एंटी-वायरस? समझ लें मुद्दे की बात